लोकतंत्र का काला काल आपातकाल: केशव
Prayagraj News - डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आपातकाल को लोकतंत्र का काला काल बताते हुए कहा कि यह एक परिवार की सत्ता बचाने के लिए लगाया गया था। भाजपा ने आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान...
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि आपातकाल लोकतंत्र का काला काल था। भाजपा प्रयागराज महानगर, गंगापार एवं यमुनापार की ओर से बुधवार को जिला पंचायत सभागार में 'कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के काले अध्याय का 50वां वर्ष' विषय पर आयोजित सेमिनार के मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम ने कहा कि एक परिवार की सत्ता जा रही थी इसलिए आपातकाल लगाया गया। आपातकाल लगाकर सभी मौलिक अधिकार छीन लिए गए थे। न्याय पालिका के अधिकार सीमित कर दिए गए थे। लोकतंत्र की हत्यारी पार्टी के रूप में कांग्रेस का इतिहास जाना जाता है। उस काले अध्याय के बारे में आज की पीढ़ी को जानना आवश्यक है।
आपातकाल के काले अध्याय के 50 वर्ष पूरे होने पर भाजपा छाती ठोक कर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कर रही है। कार्यकर्ताओं से प्रयागराज की सभी 12 सीटों पर कमल खिलाने का संकल्प लेकर 2027 के अभियान के लिए लगने का आह्वान किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने जिला पंचायत परिसर में एक पेड़ मां के नाम भी लगाया और आपतकाल पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और संचालन महानगर महामंत्री कुंज बिहारी मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, विधायक दीपक पटेल, डॉ. वीके सिंह, गुरु प्रसाद मौर्य, महापौर गणेश केसरवानी, प्रभा शंकर पांडेय, शशि वार्ष्णेय, राजेंद्र मिश्र मौजूद रहे। इन लोकतंत्र सेनानियों का हुआ सम्मान कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने मंच से नीचे उतरकर लोकतंत्र सेनानियों को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इनमें भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, राकेश कुमार श्रीवास्तव, बालकृष्ण, रामजी गिरी, मकरध्वज, चंद्र देव मिश्रा, विजय कुमार पांडेय, दिनेश चंद्र शुक्ला सहित 29 लोकतंत्र सेनानी शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।