बाबा बर्फानी के दर्शन को अबकी जाएंगे तीन हजार श्रद्धालु
Prayagraj News - प्रयागराज से इस बार अमरनाथ यात्रा के लिए रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु जाने वाले हैं। अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक हजार अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराई हैं। अप्रैल में...
प्रयागराज। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए तीन जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू होने जा रही है। बाबा के दरबार में माथा टेकने इस बार प्रयागराज से रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु जाएंगे। भक्तों की संख्या में उम्मीद से ज्यादा इजाफा होने पर अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने एक हजार अतिरिक्त सीटें प्रयागराज को उपलब्ध कराई हैं। यही वजह है कि जून के अंतिम सप्ताह में रजिस्ट्रेशन परमिट जारी होने तक श्रद्धालुओं की संख्या तीन हजार तक पहुंचने की संभावना है। पंजाब नेशनल बैंक, मानसरोवर शाखा में पंद्रह अप्रैल से श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन परमिट दिया जा रहा है। 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पांच मई तक बैंक से परमिट दिए जाने का आंकड़ा प्रतिदिन दहाई भी नहीं पहुंच सका था।
दस मई के बाद से अब तक यात्रा के लिए करीब 1900 लोगों को परमिट जारी किया जा चुका है, जबकि बैंक कई वर्षों से दो हजार श्रद्धालुओं को परमिट देता था। अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा पिछले वर्ष 900 था, जोकि प्रयागराज से यात्रा के लिए गए थे। वर्ष 2023 में श्रद्धालुओं का आंकड़ा करीब 800 था। ऐसा पहली बार हुआ है कि प्रयागराज से इतनी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए जाने वाले हैं। परमिट काउंटर के लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि 20 जून को परमिट लॉगिन खोलने के बाद प्रयागराज के खाते में पहलगाम और बालटाल के लिए एक हजार सीटें बढ़ी हुई दिखाई दे रही थीं। ऐसा यहां से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की वजह श्राइन बोर्ड ने किया होगा। पांच अगस्त तक यात्रा जारी रहेगी। इसके लिए तीस जून तक परमिट प्रक्रिया ऑटोमेटिक तरीके से बंद हो जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।