सत्ता बचाने के लिए कांग्रेस ने किया संविधान का दुरूपयोग: केशव मौर्य
Pratapgarh-kunda News - प्रतापगढ़ में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 19 लोकतंत्र सेनानियों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 1975 में कांग्रेस सरकार ने संविधान का दुरुपयोग...
प्रतापगढ़, संवाददाता। आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में जिले के 19 लोकतंत्र सेनानियों व उनके आश्रितों को सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1975 में आज ही के दिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता बचाने के लिए संविधान का दुरुपयोग किया था। आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर बुधवार को शहर के तुलसीसदन (हादीहाल) में आयोजित समारोह की शुरुआत प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र पर मार्ल्यापण व दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद उन्होंने आपातकाल से सम्बन्धित चित्र प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों और उनके आश्रितों के सम्मान में 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आपातकाल दिवस मनाया जा रहा है। 25 जून 1975 की आधी रात को तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ने आंतरिक अशांति का बहाना बनाकर भारत पर आपातकाल थोप दिया था। यह निर्णय किसी युद्ध या विद्रोह के कारण नहीं बल्कि अपने चुनाव को रद्द किए जाने और सत्ता बचाने की हताशा में लिया गया। आज 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ चल रही है, आज भी इनकी नियत अच्छी नहीं है। कांग्रेस सरकार ने कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका सहित लोकतंत्र के तीनों स्तम्भों को बंधक बनाकर सत्ता के आगे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। प्रेस की स्वतंत्रता पर ऐसा हमला हुआ कि बड़े-बड़े अखबारों की बिजली काट दी गई, सेंसरशिप लगाई गई और पत्रकारों को जेल में डाल दिया गया। हमारा संविधान स्वतंत्र और अमर है हम अपने संविधान की हत्या करने नहीं देंगे। वर्ष 2014 से जबसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बने है वह संविधान की रक्षा कर रहे है और वर्ष 2017 में जब से डबल इंजन की सरकार बनी तब से काफी बदलाव हुए हैं। हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास के साथ कार्य कर रही है। समारोह में सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व विधायक अभय कुमार ऊर्फ धीरज ओझा, अमरनाथ यादव ने आपातकाल पर विचार रखे। इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।