अंधेरे में साली से मिलने पहुंचा पुलिसकर्मी, दोनों को एक साथ देखकर ससुर ने कर दिया बखेड़ा
आगरा जिले के गांव नंदलालपुर में गुरुवार सुबह अलीगढ़ में तैनात पुलिस कर्मी को लेने के देने पड़ गए। वह चोरी छिपे रिश्ते की साली से मिलने उसके घर आया था। साली घर पर अकेली थी। अचानक घर लौटे ससुर ने बखेड़ा खड़ा कर दिया।

आगरा जिले के गांव नंदलालपुर में गुरुवार सुबह अलीगढ़ में तैनात पुलिस कर्मी को लेने के देने पड़ गए। वह चोरी छिपे रिश्ते की साली से मिलने उसके घर आया था। साली घर पर अकेली थी। अचानक घर लौटे ससुर ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। पुलिस कर्मी को बहू का प्रेमी बताकर 112 नंबर पर फोन कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला। सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस कर्मी अलीगढ़ से आगरा आने की अनुमति लेकर आया था। घटना की जानकारी अलीगढ़ के पुलिस अधिकारियों को भी दी गई है।
घटना सुबह करीब आठ बजे की है। इंस्पेक्टर खंदौली राकेश चौहान ने बताया कि 112 नंबर पर सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की भीड़ जमा थी। पूछताछ में पता चला कि हंगामा सिपाही को लेकर है। सिपाही फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र का निवासी है। वर्तमान में अलीगढ़ पुलिस लाइन में तैनात है। पूछताछ में इस पुलिस कर्मी ने बताया कि गांव में उसकी ममेरी साली रहती है। उसका अपने पति से विवाद है। उसे रुपये की जरूरत थी। फोन आने पर वह सुबह करीब चार बजे रुपये देने आया था। इसी दौरान महिला का ससुर घर पर आ धमका। ससुर ने दोनों दोनों को एक साथ देखकर पकड़ लिया और बखेड़ा खड़ा कर दिया।
अंधेरे में हंगामे की आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण भी जाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस कर्मी सादा कपड़ों में था। चोरी छिपे आया था। चोरी छिपे ही भाग रहा था। ग्रामीणों को लगा कि कोई चोर आ गया है। इसलिए उसे पकड़ लिया था। ग्रामीणों ने वीडियो भी बना लिया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। छानबीन में यह भी पता चला कि महिला घर पर अकेली थी। उसका पति बच्चों के साथ दिल्ली गया था। ससुर भी घर पर नहीं थे।
इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी। पुलिस ने सिपाही से लिखित में यह लिया कि वह अपनी ममेरी साली से मिलने आया था। उसे छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग भी चल रही है।
बिना अनुमति कैसे छोड़ा जिला
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही भी बिना अनुमति के जिला नहीं छोड़ सकता है। वह छुट्टी पर भी जाता है तो यह बताकर जाता है कि कहां जा रहा है। सिपाही ड्यूटी पर था या गैर हाजिर चल रहा है, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। खंदौली पुलिस घटना की रिपोर्ट अधिकारियों के माध्यम से अलीगढ़ भी भेजेगी।
बरहन में जेल गया था दरोगा
ऐसी ही एक घटना बरहन क्षेत्र में हुई थी। थाने में तैनात एक दरोगा एक युवती के घर में घुस गया था। ग्रामीणों ने दरोगा को पकड़ लिया था। पेड़ से बांधकर पीटा था। उसका वीडियो वायरल हुआ था। दरोगा के खिलाफ दुराचार के तहत मुकदमा लिखा गया था। दरोगा जेल भी गया था। इस घटना को लेकर माहौल गर्मा गया था।