घर में अकेली 5 साल की बच्ची को फुसलाकर साथ ले गया पड़ोसी, दरिंदगी के बाद फरार
घटना के वक्त बच्ची के माता-पिता घर पर नहीं थे। पड़ोसी बहलाकर बच्ची को अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने पर बच्ची को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यूपी के आजमगढ़ के मेंहनगर क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की शाम पांच वर्षीय बच्ची के साथ पड़ोस के युवक ने दुष्कर्म किया। घटना के वक्त बच्ची के माता-पिता घर पर नहीं थे। आरोप है कि पड़ोसी बहलाकर बच्ची को अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने पर बच्ची को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया है। घटना को लेकर इलाके के लोगों में आक्रोश है। 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले के खिलाफ लोग सख्त से सख्त कार्रवाई चाहते हैं।
आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पांच वर्षीय बच्ची शुक्रवार को घर में अकेली थी। उसके माता-पिता बाजार गए थे। इस दौरान पड़ोसी युवक उसे बहलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसके साथ दरिंदगी की। देर शाम माता-पिता घर लौटे तो बेटी की हालत देख होश उड़ गए। कुछ देर तक उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि इन हालात में क्या करें?
इसके बाद लोग उसे लेकर मेंहनगर थाने पहुंचे। पुलिस ने बच्ची को तुरंत जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। मेंहनगर थानाध्यक्ष अनुराग कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी जावेद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है।
आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश
5 साल की बच्ची से दरिंदगी करने के आरोपी जावेद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हैं। जावेद को पकड़ने के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उधर, लोगों को भी जावेद के गिरफ्तार होने का इंतजार है। मासूम बच्ची के साथ हुई इस घटना को लेकर लोग दुखी और गुस्से में हैं।