अर्जुन अवार्डी पैरालम्पिक विजेता प्रीतिपाल बनीं खंड विकास अधिकारी
Muzaffar-nagar News - अर्जुन अवार्डी पैरालम्पिक विजेता प्रीतिपाल बनीं खंड विकास अधिकारी

पैरा एथलीट प्रीतिपाल द्वारा विश्व पटल पर नाम रोशन करने वाली अर्जुन अवार्डी प्रीतिपाल को उत्तर प्रदेश सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित करने के बाद अब खंड विकास अधिकारी बनाया गया है। इससे परिवार के साथ-साथ क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की होनहार पैरा एथलीट व अर्जुन अवार्डी प्रीतिपाल को रानी लक्ष्मीबाई पुरुस्कार से नवाजने के बाद खंड विकास अधिकारी (B.D.O) के पद पर नियुक्त कर एक मिसाल पेश की है। प्रीतिपाल रामराज थानाक्षेत्र के गांव हाशमपुर की रहने वाली हैं। उनके पिता गांव में दूध की डेरी चलाते हैं। प्रीतिपाल ने पेरिस में आयोजित पैरालंपिक गेम्स में दो कांस्य पदक जीतकर विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन किया था।
इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से प्रीति को जनवरी माह में अर्जुन अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया था। प्रीति का योगदान देखकर उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रीतिपाल को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार देने के अब खंड विकास अधिकारी के पद पर नियुक्ति दी है। प्रीतिपाल ने अपने जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए पैरा एथलेटिक्स की दुनिया में शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक के अलावा भी कई अन्य प्रतियोगिताओं में खुद को साबित किया और पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन किया। प्रीति को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खंड विकास अधिकारी के पद पर नियुक्ति देने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। प्रीति के परिजनों ने बताया कि प्रीति को लखनऊ बुलाकर नियुक्ति पत्र दे दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।