Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Modi s Kattappa Akhilesh s close aide Mahendra Rajbhar was showered with slaps first he was made to wear a garland

मोदी के कटप्पा अखिलेश के करीबी महेंद्र राजभर पर थप्पड़ों की बारिश, पहले पहनाई माला फिर की पिटाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिसे कटप्पा की संज्ञा दी उस महेंद्र राजभर की मंगलवार को मंच पर ही पिटाई हो गई। उनके ही करीबी ब्रजेश राजभर ने महेंद्र राजभर पर थप्पड़ों की बारिश कर दी।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानTue, 10 June 2025 05:37 PM
share Share
Follow Us on
मोदी के कटप्पा अखिलेश के करीबी महेंद्र राजभर पर थप्पड़ों की बारिश, पहले पहनाई माला फिर की पिटाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिसे कटप्पा की संज्ञा दी और अखिलेश यादव के करीबी महेंद्र राजभर पर मंगलवार को एक नेता ने मंच पर ही थप्पड़ों की बारिश कर दी। महेंद्र राजभर की पिटाई करने वाला ब्रजेश राजभर उनकी ही पार्टी सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष था। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। जौनपुर में सुहेलदेव के विजयोत्सव पर आयोजित समारोह के दौरान घटना हुई। महेंद्र राजभर ने थाना जलालपुर में बृजेश राजभर के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला ओम प्रकाश राजभर के इशारे पर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महेंद्र राजभर ने पिछले दिनों सपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद उनकी गिनती अखिलेश के करीबियों में होने लगी थी। कभी सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर के खास रहे महेंद्र राजभर ने उनसे अलग होने के बाद अपनी पार्टी बना ली थी। महेंद्र राजभर 2017 में मुख्तार अंसारी के खिलाफ सुभासपा और भाजपा के संयुक्त प्रत्याशी थे। उनका प्रचार करने के लिए खुद पीएम मोदी भी पहुंचे थे। इस दौरान महेंद्र राजभर को कटप्पा की संज्ञा देते हुए कहा था कि बाहुबली को यही हराएगा।

ये भी पढ़ें:हम न्याय की राजनीति करते हैं, कौशांबी मामले में केशव प्रसाद का अखिलेश पर पलटवार

बताया जाता है कि सुभासपा आज हर जिले में महाराजा सुहेलदेव का विजयोत्सव मना रही है। इसके जवाब में सपा के राजभर समाज के नेता भी आयोजन कर रहे हैं। इसी को लेकर जौनपुर में भी विजयोत्सव मनाया गया। आयोजन के वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पहले बृजेश राजभर ने भाषण दिया और कहा कि समाज की बदहाली के लिए अपने ही लोग जिम्मेदार हैं। जब अपने लोग सत्ता में गए तो अपने लोगों की पैरवी नहीं की। खुद की सेवा की। अपने बेटे अपने परिवार के लिए काम किया। ऐसे ही कई नेता हैं जो आततायी हो गए हैं। जिनके अंदर गाजी का जिन्न आ गया है।

आगे कहा कि आज केवल चक्रवती सम्राट महाराज सुहेलदेव के नाम को बेचा जा रहा है। कुछ ऐसे आततायी हैं जो समाज को ठग और लूट रहे हैं। ऐसे लोगों का हम परित्याग करेंगे। इतना कहने के बाद बृजेश राजभर ने महेंद्र राजभर को माला पहनाई। माला पहनाते ही उन्हें पीटना शुरू कर दिया। एक के बाद एक कई थप्पड़ मार दिए। अचानक हुई घटना से अफरातफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने ब्रजेश को अलग कर महेंद्र को पिटाई से बचाया।

सपा का भाजपा पर हमले का आरोप

वहीं महेंद्र राजभर पर हमले को लेकर सपा ने भाजपा पर आरोप लगाया है। सपा ने एक्स पर लिखा कि कहा कि PDA परिवार के सदस्य और अति पिछड़े राजभर समाज के बड़े नेता महेंद्र राजभर के ऊपर हुआ हमला भाजपा ने करवाया है। भाजपा किसी पिछड़े नेता को आगे बढ़ते नहीं देख सकती, भाजपा ने राजभर समाज को कुचलने और नेतृत्वविहीन करने के लिए ही महेंद्र राजभर जी के ऊपर जानलेवा हमला करवा दिया है।

कुछ दिन पहले इसी भाजपा ने दलित नेता और सपा सांसद रामजी लाल सुमन के ऊपर जानलेवा हमला करवाया था।भाजपा द्वारा किए गए इस कायराना कृत्य की कड़ी निंदा समाजवादी पार्टी करती है और दोषियों को पकड़कर तत्काल कड़ी सजा मिलनी चाहिए एवं विपक्षी नेताओं के ऊपर हो रहे इन हमलों का जवाब PDA परिवार अवश्य देगा।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
अगला लेखऐप पर पढ़ें