बकरियों को गंगा में नहलाते समय किशोर डूबा, मौत
Mirzapur News - गौरा गाँव के परमानपुर मजरा में एक किशोर की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। 14 वर्षीय सत्यम पाल, भेड़-बकरियों को नहलाने गया था, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। दो घंटे की खोजबीन के बाद...
जिगना। थाना क्षेत्र के गौरा गाँव के परमानपुर मजरा के सामने घाट पर गुरुवार सुबह नौ बजे भेड़ बकरियों को नहलाने गए किशोर की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। दो घंटे तक खोजबीन के बाद गाँव के ही गोताखोरों ने शव बरामद कर लिया l सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरा के शिवराजपुर मजरा निवासी जवाहरलाल पाल का 14 वर्षीय बेटा सत्यम पाल अपने बड़े पिता स्व. भागीरथी के लड़के महेंद्र के साथ घर से दो किलोमीटर उत्तर दिशा में गंगा में भेड़-बकरियों को नहलाने गया था। गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूबने लगा।
यह देखकर महेंद्र शोर मचाते हुए घर की ओर दौड़ पड़ा। किशोर के डूबने की खबर सुनते ही कुछ ही देर में काफी संख्या में लोग घाट की ओर दौड़ पड़े। मां अनीता देवी, पिता जवाहर पाल बदहवास हालत में घाट पर पहुंच गए। आसपास के चार-पांच गोताखोरों ने घाट से सौ मीटर पूरब में शव बरामद कर लिया। मृतक किशोर तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई अनुराग व छोटा भाई श्लोक पाल शव देखते ही बिलख पड़े। घर-परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। किशोर की डूबने से हुई मौत के बाद गाँव का माहौल गमगीन हो गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।