मनचला नहीं होने दे रहा निकाह, करता है ब्लैकमेल
Meerut News - मेरठ के ब्रह्मपुरी में एक युवती को सिरफिरे मनचले आबिद ने परेशान किया है। आरोपी ने घर पर हमला कर मारपीट की और निकाह के लिए दबाव बना रहा है। युवती ने आरोप लगाया कि उसने उसके खिलाफ अफवाहें फैलाई हैं और...

मेरठ। ब्रह्मपुरी के माधवपुरम निवासी युवती को सिरफिरा मनचला परेशान कर रहा है। शुक्रवार को आरोपी ने घर पहुंचकर हमला किया और मारपीट कर दी। युवती ने आरोप लगाया कि मनचला उसका निकाह नहीं होने दे रहा है। पूर्व में जहां पर रिश्ता तय किया गया था, वहां भी कॉल कर अफवाह फैला दी। आरोप लगाया कि युवक ने कुछ वीडियो बनाकर इन्हें गलत तरीके से एडिट कर अश्लील बना दिया है और वायरल करने की धमकी दे रहा है। आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। माधवपुरम निवासी युवती ने एसएसपी को बताया कि शकूरनगर निवासी आबिद का उनके पड़ोस में आना जाना था।
इसी दौरान परिचय हो गया। अब आरोपी परेशान करने लगा है और छेड़छाड़ करता है। निकाह के लिए दबाव बना रहा है और धमकी देता है। युवती ने बताया कि उसका दूसरी जगह निकाह भी मनचला नहीं होने दे रहा। तीन बार आरोपी आबिद उसका रिश्ता तुड़वा चुका है। करीब 15 दिन पहले भी एक रिश्ता आया था, जिनका नंबर लेकर आरोपी मनचले ने अफवाह फैला दी और बदनाम कर दिया। इसके बाद रिश्ता टूट गया। यह भी आरोप लगाया कि आबिद ने एक वीडियो धोखे से बनाई हुई है, जिसे एडिट कर अश्लील बना दिया है। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी दबाव बना रहा है। कहा कि अब सुसाइड के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। एसएसपी ने तुरंत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर और गिरफ्तारी का आदेश दिया। युवती की तहरीर पर फिलहाल ब्रह्मपुरी थाने में आरोपी आबिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगाई गई है और कार्रवाई कराई जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।