मीटर रूम में कार्य कर रहे दो कर्मचारियों की करंट लगने से मौत, गुस्साये लोगों ने लगाया जाम
Mathura News - -वृंदावन में कर रहे थे कार्य, तीसरे कर्मचारी को भी लगा झटकामीटर रूम में कार्य कर रहे दो कर्मचारियों की करंट लगने से मौत, गुस्साये लोगों ने लगाया जाममी

वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित एक आश्रम के कनेक्शन पर शुक्रवार को मीटर रूम में कार्य करने के दौरान दो प्राइवेट बिजली कर्मचारियों की करंट लगने से मृत्यु हो गई। एक कर्मचारी झुलस गया। इससे हड़कंप मच गया। आरोप है कि काम खत्म नहीं हुआ था, उससे पहले ही शटडाउन वापस कर दिया गया था। मृतकों के परिजन शवों को लेकर मथुरा कैंट बिजलीघर पहुंच गये और बाहर रोड पर जाम लगा दिया। परिजनों ने दोषियों पर कार्रवाई एवं मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद देने की मांग की। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। जानकारी के अनुसार राधेश्याम आश्रम, परिक्रमा मार्ग वृंदावन में बिजली कनेक्शन पर कार्य करने बिजली कर्मी पहुंचे।
11केवी पर कनेक्शन है। कनेक्शन लोड 100 किलोवाट से अधिक है। इसके लिये 11 हजार केवी लाइन आश्रम पर भूमिगत डाली हुई है। आश्रम ने मीटर में समस्या की शिकायत पागल बाबा मंदिर स्थित विद्युत सब स्टेशन पर की थी। शुक्रवार की शाम को एई मीटर ऋषभ शर्मा प्राइवेट कर्मचारी 26 वर्षीय विनोद पुत्र ओमप्रकाश ठाकुर और 28 वर्षीय हरेंद्र पुत्र फूल सिंह निवासी ग्राम तंतूरा, नवादा (बालाजीपुरम) थाना हाइवे व रामू चौधरी निवासी कैलाश नगर, थाना वृंदावन को साथ लेकर वहां कार्य के लिए पहुंचे। कण्ट्रोल रूम पर एसएसओ कर्मवीर सिंह और स्थाई लाइनमेन धर्मेंद्र सक्सेना मौजूद थे। विद्युत सब स्टेशन के रजिस्टर में दर्ज जानकारी के अनुसार एई मीटर के कॉल पर दोपहर 03:40 बजे शटडाउन लिया गया और उसके बाद 11 हजार केवी की दो लाइन के बीच सीटी (करंट मापने का यंत्र) को ठीक करने के बाद 05:05 बजे पर शटडाउन हटाया गया। इस दौरान करंट की चपेट में आने से विनोद और हरेंद्र गंभीर रूप से झुलस गये। वहीं रामू को भी झटका लगा। गंभीर झुलसे विनोद और हरेंद्र को वृंदावन सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया। परिजन दोनों को सिम्स हॉस्पिटल मथुरा ले गये, जहां विनोद और हरेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद पागल बाबा विद्युत सब स्टेशन पर प्रदर्शन की सूचना पर कई चौकियों की पुलिसफोर्स वहां पहुंच गई। इस दौरान सूचना पर बिजली घर पर तैनात कर्मचारी वहां से चले गए। मौके पर अद्धा पुलिस चौकी प्रभारी कुलवीर सिंह, रमणरेती पुलिस चौकी प्रभारी कपिल कुमार आदि पहुंचे। मथुरा कैंट बिजलीघर पहुंचे परिजन इधर शाम करीब 07:00 बजे मृतकों के परिजन एवं क्षेत्रीय लोग एंबुलेंस में शवों को लेकर कैंट बिजलीघर कार्यालय मथुरा पहुंच गये। यहां आक्रोशित परिजनों ने कैंट बिजलीघर के बाहर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ का यातायात बाधित हो गया। इससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। महिलाएं एवं अन्य परिजन विलाप कर रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सही नहीं बताई गई। आक्रोशित परिजनों ने आरोप लगाया कि यह दुर्घटना लापरवाही के कारण हुई, जिसमें दो युवकों की मृत्यु हो गई। जाम कर रहे लोग दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और परिजनों को आर्थिक मदद देने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पुलिस अधिकारी मय फोर्स के पहुंच गये। जिस समय यहां जाम चल रहा था, उस समय बिजली निगम के वरिष्ठ अधिकारी गोवर्धन में मुड़िया मेले की बैठक में थे। वहां जानकारी मिलते ही डीएम ने बिजली अधिकारियों से मौके पर पहुंचने को कहा। इधर पुलिस और अधिकारियों ने आक्रोशितों लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। विभागीय अधिकारियों ने दोषियों पर कार्रवाई एवं नियमानुसार मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया है। लापरवाही हुई उजागर बताया गया कि मीटर रूम में कार्य होने के बाद एई मीटर ने शटडाउन वापस लिया। लाइन चालू होते ही यह दुर्घटना घटित हो गई। बताया गया कि कार्य कर रहे कर्मचारियों को पता नहीं था कि शटडाउन वापस हो रहा है और वे कार्य में लगे हुए थे। घटना की जांच के आदेश चीफ इंजीनियर ने दे दिये हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति का पता लग सकेगा। शनिवार को टीम जांच करने जाएगी। पूर्व में भी करंट से कई प्राइवेट कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है। रखनी चाहिये दूरी बताया गया कि 11 हजार केवी लाइन से नौ व उससे अधिक इंच की दूरी रखनी चाहिए। बताया गया कि कार्य करने के बाद कर्मचारी मीटर के पास मौजूद थे। वर्जन- वृंदावन में दो लोगों की करंट लगने से मृत्यु हुई है। यह गंभीर मामला है, जिसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। एसई शहरी-एक्सईएन टेस्ट से रिपोर्ट मांगी गई है। इस मामले में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। -राजीव गर्ग, चीफ इंजीनियर मथुरा जोन
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।