पौधरोपण: व्यापक प्रचार-प्रसार कर हर व्यक्ति को अभियान से जोड़ें
Mainpuri News - मैनपुरी में इस बार 35.63 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पौधशालाओं का निरीक्षण किया। जलालपुर पौधशालाओं में 32 प्रजातियों के पौधे तैयार किए जा रहे हैं। वृक्षारोपण अभियान में सभी...

मैनपुरी। जनपद में इस बार 35.63 लाख पौधों का रोपण होगा। बारिश शुरू हो गई है। जुलाई में पौधरोपण होना है, अभी तारीख तय नहीं है। एक दिन में रिकार्ड पौधे लगेंगे। जिसको लेकर शुक्रवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीडीओ नेहा बंधु व डीएफओ संजय कुमार मल्ल के साथ वन विभाग की भोगांव रेंज में स्थित जलालपुर पौधशाला प्रथम व जलालपुर पौधशाला द्वितीय का निरीक्षण किया। इस दौरान पौधशाला में तैयार की जा रही पौध के संबंध में वन क्षेत्राधिकारी भोगांव विपिन मिश्रा से विस्तार से जानकारी ली। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जलालपुर पौधशाला प्रथम में 2.11 लाख, जलालपुर पौधशाला द्वितीय में 2.02 लाख पौधे तैयार किए जा रहे हैं।
इन पौधशालाओं में अमरूद, आम, जामुन, शहतूत, आंवला, सहजन, कंजी, सागौन, नीबू, पीपल, पाकड, अशोक, गोल्ड मोहर, बकैन, महोगनी, अनार, गुटेल, कनेर, चांदनी, गुडहल, चितवन, कचनार, बेल, टिकोमा, पापड़ी, कदम्ब सहित कुल 32 प्रजातियों की पौधे तैयार हो रहे हैं। डीएम ने पौधशाला में कार्य करने वाले कर्मचारियों, श्रमिकों एवं पौध तैयारी से लेकर पौधरोपण तक के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधशालाओं में अच्छी गुणवत्ता के पौधे तैयार किए जाएं। वृक्षारोपण अभियान में प्रत्येक व्यक्ति को शामिल किया जाए, वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत पौधरोपण का प्रचार-प्रसार किया जाए। वन विभाग द्वारा स्कूल/कालेजों में वृक्षारोपण के महत्वों के बारे में जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाये। 24 पौधशालाओं में 54.72 लाख पौधे हो रहे तैयार वन विभाग जनपद की कुल 24 पौधशालाओं में 54.72 लाख पौध तैयार कर रहा है। जिले में आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष वन विभाग की पौधशालाओं में पर्याप्त मात्रा में पौधे उपलब्ध हैं। जलालपुर पौधशाला में पौध उगान कार्य अच्छे ढंग से किया जा रहा है। सीडीओ नेहा बंधु ने कहा कि पौध वृक्षारोपण अभियान-2025 के अन्तर्गत एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण से प्रत्येक व्यक्ति को जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाए। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अरुण कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी भोगांव वंदना सिंह, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राजीव दीक्षित, वन क्षेत्राधिकारी करहल शोएब आलम अंसारी, सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।