अब सरोजनीनगर में बनी ब्रह्मोस का शौर्य देखेगी पूरी दुनिया : डॉ. राजेश्वर सिंह
Lucknow News - सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने होटल डीवीएसआर में 'सरोजनीनगर दक्षिण प्रथम मंडल पदाधिकारी सम्मेलन' का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिन्दूर के तहत ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन सरोजनीनगर में...

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा गुरुवार को गौरी स्थित होटल डीवीएसआर में ‘सरोजनीनगर दक्षिण प्रथम मंडल पदाधिकारी सम्मेलन व कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर के माध्यम से पूरी दुनिया ने सुपर सोनिक क्रूज़ मिसाइल ब्रह्मोस का शौर्य देखा। ब्रह्मोस मिसाइल में पाकिस्तान में 100 किमी अन्दर तक घुसकर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। अब सरोजनीनगर में ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन शुरू हो गया है। सरोजनीनगर में बनी ब्रह्मोस का शौर्य अब पूरी दुनिया देखेगी। डॉ. सिंह ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर परियोजना से सरोजनीनगर रक्षा उत्पादन का हब बन रहा है।
डीआरडीओ लैब की स्थापना से सरोजनीनगर में रक्षा अनुसंधान को नया आयाम मिला है। विधायक ने बताया सरोजनीनगर में प्रदेश की सबसे बड़ी ईवी फैक्टरी अशोक लीलैंड का उत्पादन शुरू हो गया है। जहां प्रतिवर्ष 2500 बसों का उत्पादन होगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि डॉ राजेश्वर सिंह जन-जन तक पहुंचने वाले जन प्रतिनिधि है। महानगर अध्यक्ष ने सरोजनीनगर में ब्रह्मोस मिसाइल प्लांट के शुभारम्भ पर भी विधायक और पूरी विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों को बधाई दी। कार्यशाला में मंडल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, निगम पार्षदों ने संगठन को अधिक सुदृढ़, समावेशी बनाने की दिशा में गहन मंथन किया। इस मौके पर सभी मंडल पदाधिकारियों - कार्यकर्ताओं को विधानसभा में संचालित विकास कार्यों से अवगत कराया गया। वहीं विकास कार्यों से सम्बंधित विवरणिका भी प्रदान की गयी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।