प्लास्टिक सर्जरी कराकर फ्लैट में रह रहीं दो विदेशी युवतियां पकड़ीं
Lucknow News - लखनऊ में ओमेक्स न्यू हजरतगंज टाउनशिप के फ्लैट में पुलिस ने दो उज्बेकिस्तान की युवतियों को पकड़ा। दोनों के पास वीजा और पासपोर्ट नहीं थे। डॉक्टर विवेक गुप्ता पर आरोप है कि उसने पहचान छिपाने के लिए...

-युवतियों के पास वीजा और पासपोर्ट नहीं मिले, डॉक्टर और उसके साथी ने दिलाया था फ्लैट -सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने की छापेमारी, पकड़ी गई युवतियां एफआरआरओ के हवाले लखनऊ, संवाददाता गोमतीनगर विस्तार सेक्टर सात स्थित ओमेक्स न्यू हजरतगंज टाउनशिप के फ्लैट नम्बर 527 में पुलिस और फारेनर्स रिजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) ने छापेमारी कर दो विदेशी युवतियों को पकड़ा है। दोनों उज्बेकिस्तान की नागरिक हैं। दो साल पहले भारत आई थीं और 18 जून से यहां फ्लैट में रह रही थीं। महिलाओं को पत्रकारपुरम और अहिमामऊ में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर विवेक गुप्ता ने मकान दिलाया था। युवतियों ने पूछताछ में बताया कि पहचान छिपाने के लिए डॉक्टर विवेक ने प्लास्टिक सर्जरी कर दी थी।
सुशांत गोल्फ सिटी के दरोगा की तहरीर पर डॉक्टर और उसके सहयोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पासपोर्ट और वीजा मिला नहीं पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि अवैध गतिविधियों में लिप्त दो विदेशी युवतियां अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं। इस सूचना पर दरोगा महेश सिंह ने टीम के साथ फ्लैट पर छापा मारा। मौके से होलिडा और नीलोफर नामक युवतियों को पकड़ा गया। दोनों उज्बेकिस्तान की नागरिक हैं। किसी के पास पासपोर्ट और वीजा नहीं मिला। होलिडा ने पुलिस को बताया कि उनके पासपोर्ट और वीजा खो गए हैं। इसके बारे में उन्होंने अपने साथी लोला कायूमोवा तथा त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा को सूचना दी थी। डॉक्टर ने दिलाया फ्लैट दोनों ने पूछताछ में बताया कि लोला कायूमोवा ने ओमेक्स आर वन के फ्लैट नंबर 104 तथा 1103 में रहने वाले त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा से पहचान कराई। अर्जुन राणा और डॉ. विवेक गुप्ता की मदद से ही उन्हें ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित फ्लैट में रहने की जगह मिली। डॉक्टर ने की थी प्लास्टिक सर्जरी पूछताछ में बताया कि लोला कायूमोबा पिछले काफी समय से भारत रह रही है। उसी के सहयोग से दोनों तथा उनकी कई अन्य साथी भारत आईं थी। लोला के जरिए डॉ. विवेक गुप्ता से मुलाकात हुई। वह पत्रकारपुरम और अहिमामऊ में मिनर्वा नाम से क्लीनक चलाते हैं। आरोप है कि डॉक्टर विवेक ने मोटी धनराशि लेकर प्लास्टिक सर्जरी की। भारत में अवैध रूप से रह रही महिला ने बुलाया था होलिडा ने बताया कि उज्बेकिस्तान निवासी लोला कायूमोवा काफी वक्त से भारत में अवैध रूप से रह रही है। दावा है कि लोला के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी है। हालांकि इस तथ्य की पुष्टि सुशांत गोल्फ पुलिस नहीं कर सकी। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस विदेशी नागरिक की प्लास्टिक सर्जरी करने वाले डॉक्टर विवेक के क्लीनिक पहुंची लेकिन वह नहीं मिला। डॉ. विवेक गुप्ता और अर्जुन राणा को पुलिस तलाश रही है। विदेशी अधिनियम समेत कई धाराओं में रिपोर्ट सुशांत गोल्फ सिटी के दरोगा महेश कुमार सिंह की तहरीर पर डॉ. विवेक गुप्ता और अर्जुन राणा के खिलाफ पहचान बदलने के लिए प्लास्टिक सर्जरी करने, विदेशी अधिनियम, धोखाधड़ी और विदेशी पंजीकरण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।