उमस के साथ बढ़ी गर्मी, कल रात से बदलेगा मौसम
Lucknow News - शुक्रवार को लखनऊ में तेज धूप के कारण तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया। उमस और तपिश ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से बारिश शुरू हो सकती है। अधिकतम तापमान 38.3...

तेज धूप ने शुक्रवार को तपिश का अहसास कराया। नतीजतन अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस ऊपर चढ़ा। रात का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा रहा। तपिश और उमस ने शाम तक लोगों को परेशान रखा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार की शाम या रात से बूंदाबांदी या बारिश का सिलसिला शुरू होगा। सोमवार को यह व्यापक रूप ले लेगा। अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन मौजूदा समय एमपी की ओर खिसकी हुई है। शुक्रवार से यह धीरे-धीरे वापस उत्तर की ओर यानी यूपी के ऊपर आ रही है।
इसका असर शनिवार से दिखना शुरू होगा। लखनऊ में पिछले तीन दिनों से बादलों की आवाजाही के बीच कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई है। पुरवा चल रही है जिसकी वजह से हवा में नमी ज्यादा है। इसलिए उमस लगातार बनी हुई है। शुक्रवार को आसमान दोपहर तक साफ रहने से धूप की तपिश सीधे धरती तक पहुंची। ऐसे में बाहर निकलने वालों को गर्मी ने बेहाल किया। धूप इतनी तेज थी कि दोपहिया पर चलने वालों से लेकर राहगीर तक परेशान रहे। इस बीच अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार की दोपहर बाद तक आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हवा में नमी बढ़ी रहने की वजह से न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। शाम या रात के बाद बौछार पड़ने के साथ तेज हवा भी चलेगी जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। सोमवार को पूरे लखनऊ में व्यापक हल्की से सामान्य वर्षा हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।