पलिया शहर में फिर घुसा बाढ़ का पानी, हाईवे बंद
Lakhimpur-khiri News - बनबसा बैराज से चार लाख क्यूसेक पानी रिलीज होने के बाद क्षेत्र में बाढ़ आ गई है। प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पलिया भीरा रोड और पलिया नगला रोड पर बाढ़ का पानी बहने लगा है। प्रभावित...

मैदानी व पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बाद बनबसा बैराज डैम से चार लाख क्यूसेक पानी रिलीज किए जाने के बाद क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ के पानी के दस्तक दे दी। प्रशासन नदी के पास स्थित गांवों के ग्रामीणों से लगातार सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है। पलिया भीर रोड व पलिया नगला रोड पर बाढ़ का पानी चलने लगा है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने शुक्रवार से पलिया भीरा रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन बंद कर दिया था। देर शाम तक बाढ़ के पानी के बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बनबसा बैराज से लगातार हुई पानी की रिलीजिंग के बाद शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। पलिया भीरा रोड बाढ़ की चपेट में आ गया है और बाढ़ का पानी चीनी मिल आवास में घुस गया है। तहसील प्रशासन से लेकर पुलिस प्रशासन बराबर अलर्ट है। शुक्रवार से एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार आरती यादव, लेखपाल अजय कुमार, सीओ यादवेंद्र यादव, कोतवाल विवेक उपाध्याय, संपूर्णानगर कोतवाल निराला तिवारी पुलिस बल के साथ बाढ़ क्षेत्र का जायजा ले रहे हैं। पलिया क्षेत्र की सीमा के साथ ही बाढ़ ने सबसे ज्यादा नुकसान संपूर्णानगर के गोविंदनगर गांव में होना बताया जा रहा है। पूरे गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है और ग्रामीणों को लंच पैकेटों का वितरण प्रशासन की ओर से कराया जा रहा है। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बाढ़ क्षेत्र के गांव में घरों तक पहुंच कर बाढ़ से प्रभावित परिवारों को ट्रैक्टर-ट्राली के जरिए ऊंचे पर पहुंचाने का कार्य किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।