कथक नृत्य कार्यशाला में प्रतिभागी बच्चों का हुआ सम्मान
Kushinagar News - कसया, हिन्दुस्तान संवाद। बिरजू महाराज कथक संस्थान संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश सरकार तथा वाइटल केयर फाउंडेशन कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित

कसया, हिन्दुस्तान संवाद। बिरजू महाराज कथक संस्थान संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश सरकार तथा वाइटल केयर फाउंडेशन कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन कथक नृत्य कार्यशाला का समापन राजकीय बौद्ध संग्रहालय कुशीनगर में शुक्रवार को हुआ। इस अवसर पर प्रतिभागी बच्चों को सम्मानि किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्रोचार के साथ दीप प्रज्वलन कर भगवान नटराज के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि कालिंदी त्रिपाठी ने प्रशिक्षार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने युवाओं में भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संस्कृति के प्रति नई प्रेरणा एवं उत्साह का संचार किया है।
विशिष्ट अतिथि हेरिटेज विद्यालय की संचालिका पूनम गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति के अंतर्गत गायन वादन और नृत्य की शिक्षा लेना आज की व्यस्ततम समय में अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षिका डॉक्टर ज्योति शुक्ला ने कहा कि पंडित बिरजू महाराज ने कई पौराणिक कथाओं और भगवान कृष्ण की लीलाओं को अपने हस्त मुद्राओं और भावों के द्वारा जीवंत किया है। सात दिवसीय कार्यशाला में बिरजू महाराज के गीत थूंगा थूंगा के साथ गुरु वंदना , कृष्ण वंदना , तत्कार , हस्तक आदि विभिन्न मुद्राओं का प्रशिक्षण दिया गया है। डॉ अनिल कुमार सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कुशीनगर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है । अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्था के अध्यक्ष पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा की पंडित बिरजू महाराज कथक संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य केवल नृत्य सीखना ही नहीं बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत से बच्चों को जोड़ना और उनमें गर्व की भावना विकसित करना तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनमें रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है। अतिथियों सेवानिवृत्ति जिला जज संतोष कुमार श्रीवास्तव, प्रभुनाथ मिश्रा ने भी सभा को संबोधित किया। संचालन वीरेश राय ने तथा आभार पूनम गुप्ता ने व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर के अधिवक्ता एखलाक अहमद लारी, सुरेन्द्र पाण्डेय, प्राचार्य चंद्रभूषण सिंह, वंदना मद्धेशिया , शशि प्रभा सिन्हा शाम्भवी सिन्हा, अर्चना श्रीवास्तव सह बौद्धिक विभाग प्रमुख सुरेश गुप्त प्रदीप राय आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।