अखिलेश बताएं सपाई क्यों नहीं नहा सकते काली नदी में : सुब्रत पाठक
Kannauj News - कन्नौज में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योग दिवस पर भाजपा पर तंज कसा कि उन्हें काली नदी में नहाना चाहिए। भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने पलटवार करते हुए अखिलेश से सवाल किया कि वह स्वयं...
कन्नौज, संवाददाता। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाजपा पर योग से पहले काली नदी में नहाने वाले तंज पर सियासत शुरू हो गई है। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने रविवार को पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश बताएं कि वह खुद और सपाई क्यों नहीं काली नदी में नहा सकते हैं। शनिवार को शहर में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव ने योग दिवस के बहाने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा था कि पहले भाजपाइयों को काली नदी में डुबकी लगानी चाहिए। केवल योग करने से आम जनमानस स्वस्थ नहीं होगा, इसके लिए नदियों को भी साफ करना होगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी काम करने होंगे।
उनके इस बयान पर अब भाजपा ने पलटवार किया है। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव के बयान पर कटाक्ष किया है। उन्होंने सपा प्रमुख से एक साल के कामकाज का भी हिसाब मांगा है। कहा कि सरकार के खिलाफ प्रदर्शन न कर अखिलेश अपने कामों का हिसाब दें। वह बताएं कि एक साल में उन्होंने कन्नौज के लिए क्या नया किया है। माता अहिल्याबाई होल्कर की सोने की प्रतिमा लगाने की बात पर भी सवाल उठाते हुए कहा जब भाजपा ने प्रतिमा लगाने की बात कही उसके बाद ही क्यों उन्हें इसकी याद आई। अन्य जातियों के महापुरुषों की सोने की प्रतिमा क्यों नहीं बनवाएंगे। सुब्रत पाठक ने प्रतिमाओं के वजन को लेकर भी सवाल उठाया। कहा कि जब दंगाई मरते हैं तब अखिलेश लाखों रुपये भेज देते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।