मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति किया जागरूक
Jaunpur News - नौपेड़वा, हिन्दुस्तान संवाद। कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा पर शनिवार को महिला किसान जागरूकता कार्यक्रम

नौपेड़वा, हिन्दुस्तान संवाद। कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा पर शनिवार को महिला किसान जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इसमें खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति महिलाओं को जागरूक किया गया। विषय वस्तु विशेषज्ञ वैज्ञानिक डॉ. प्रगति यादव ने महिलाओं को खाद्य पदार्थों में होने वाले मिलावट के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट सेहत के लिए हानिकारक है। यह समस्या खासकर गांवों में इसलिए बढ़ रही है क्योंकि ग्रामीण महिलाए दुकानों से बिना जांचे-परखे सामान खरीदती हैं। उन्होंने दूध में डिटर्जेंट मिलाने से होने वाले दुष्प्रभाव पर कहा कि उससे पेट खराब होना, उल्टी व बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है।
हल्दी पाउडर में पीला रंग (क्रोमियम) मिला होने पर लीवर और किडनी पर असर के साथ कैंसर होने की संभावना होती है। लाल मिर्च पाउडर में ईंट का चूरा, सिंथेटिक रंग मिलाया जाता है जो पेट में जलन, गैस तथा आंतों को नुकसान पहुंचता है। चाय पत्ती में रंगीन पत्तियां, सूखी और बासी पत्तियां मिलावट खोर इस्तेमाल करते हैं। इससे लिवर की बीमारी, पाचन में गड़बड़ी जैसे रोग होते हैं। चना और अरहर की दालों में संभावित मिलावट में कृत्रिम पॉलिश, चमक देने वाला रंग मिलाया जाता है जो शरीर में जहर तथा पेट संबंधी रोग पैदा करता है। बाजार से खरीदे जाने वाले गेहूं का आटा में चॉक पाउडर मिलाने से हड्डियां कमजोर होती हैं। शहद में चीनी की चासनी मिली होने से डायबिटीज के साथ वजन बढ़ना शुरू हो जाता है। खाद्य पदार्थ जांच करने का तरीका डॉ.प्रगति ने महिलाओं को घर पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच करने का तरीका बताया। कहा कि यदि एक चुटकी हल्दी पावडर पानी में डालने पर नीचे पीलापन जमता है तो मिलावट माना जायेगा। दूध काले टाइल्स या स्लेट पर डालें अगर साबुन जैसा झाग बनता है तो डिटर्जेंट मिला हुआ माना जायेगा। उन्होंने चायपत्ती परखने को लेकर गीले सफेद कपड़े में रखकर रगड़ने पर अगर रंग निकलता है तो रंग मिलाया गया है। इसी तरह शहद की एक बूंद पानी में डालें अगर वह फैल जाए तो मिलावटी है। शुद्ध शहद नीचे बैठ जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।