लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली, वृद्धा की मौत
Jaunpur News - बदलापुर के देवापट्टी गांव में सोमवार शाम को एक वृद्धा की मौत हो गई। जयभारत मिश्र अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर साफ कर रहे थे, तभी गोली चल गई। गोली फूलपत्ती देवी को लगी, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन...
बदलापुर, हिन्दुस्तान संवाद। कोतवाली क्षेत्र के देवापट्टी गांव में सोमवार की शाम लाइसेंसी रिवाल्वर साफ करते समय गोली चलने से एक वृद्धा की मौत हो गयी। पुलिस ने मृतक के पति की तहरीर पर एक के विरुद्ध केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के बाजार निवासी जयभारत मिश्र बदलापुर थाना क्षेत्र के देवापट्टी गांव में नवासा पर रहते हैं। सोमवार की शाम वह अपनी भूमि को बटाई पर खेती कर रहे रामजतन कन्नौजिया व उसकी पत्नी 65 वर्षीया फूलपत्ती देवी को बुलाकर कुछ बातचीत कर रहे थे।
इसी बीच जयभारत मिश्र अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर साफ करने लगे। जिससे अचानक गोली चल गयी। गोली फूलपत्ती की कमर में लगकर दूसरी तरफ से निकल गयी। वह.स्वयं घायल को सीएचसी ले गये। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान देर रात महिला की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने जय भारत के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गयी है। इस बावत पूछे जाने पर एएसपी ग्रामीण आतिश सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर बरामद कर लिया गया हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।