छत से धक्का दिया फिर खेत में दफनाया शव, अवैध संबंध का विरोध करने पर पति ने की बीवी की हत्या
- मथुरा से एक शख्स ने शराब के नशे में बीवी से लड़ाई करने के बाद उसकी हत्या कर दी। फिर उसका शव एक खेत में दफना दिया। दरअसल बीवी युवक के अवैध संबंधों का विरोध कर रही थी। इसी बात से नाराज होकर युवक ने ये कदम उठाया।

यूपी के मथुरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने शराब के नशे में बीवी से लड़ाई करने के बाद उसकी हत्या कर दी। फिर उसका शव एक खेत में दफना दिया। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया। शनिवार को पुलिस ने ये जानकारी दी।
ये घटना जमुनापार थाना क्षेत्र के सुखदेवपुर गांव का है। पुलिस ने बताया कि मामला तब सामने आया जब आरोपी के भाई ने पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक घटना बृहस्पतिवार रात को हुई। आरोपी विजय पेशे से राज मिस्त्री है और उसने पर शराब के नशे में विवाद के बाद अपनी 30 साल की पत्नी रेखा को छत से धक्का दे दिया।
पुलिस के अनुसार महिला की मौके पर ही मौत हो जाने के बाद आरोपी रात में शव को घसीटकर खेत में ले गया और उसे एक गड्ढे में दफना दिया। अगली सुबह, उसने ऐसा व्यवहार किया जैसे कुछ हुआ ही न हो। जब उसके पिता ने रेखा को गायब पाया और उसके बारे में पूछा तो विजय ने उसकी हत्या करने की बात बताई। वहीं, आरोपी के छोटे भाई ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि विजय का एक दिव्यांग महिला से प्रेम प्रसंग है और उसके साथ वह अक्सर फोन पर बात करता है, रेखा ने इसका कड़ा विरोध किया था। घटना की रात दंपति के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई जिसके बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी। विजय के कबूलनामे के आधार पर शुक्रवार को रेखा का शव बरामद किया। महिला के पिता छितर सिंह ने विजय, उसके बड़े भाई राजकुमार, छोटे भाई कमल और दिनेश तथा माता-पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।