VIDEO: दहेज के लिए हैवान बना पति, मारपीट के बाद पत्नी को छत से फेंका; पिता ने पहुंचाया अस्पताल
यूपी के उरई में दहेज के लिए एक युवक हैवान बन गया। उसने अपनी बीवी को पहले मारापीटा। इसके बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

कुछ दिन पहले बरेली जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी को छत से फेंक दिया। इसी तरह का एक मामला अब उरई से सामने आया है। यहां एक युवक दहेज के लिए हैवान बन गया। दहेज की मांग जब पूरी नहीं हुई तो वह अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। महिला की युवक संग दूसरी शादी थी। महिला के पहले पति से बच्चे भी थे। एक दिन युवक ने पहले बच्चों को घर से निकाल दिया। इसके बाद पत्नी को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया और फिर उसे छत से नीचे फेंक दिया। मां को छत से फेंके जाने की सूचना बच्चों ने अपने नाना को दी। इसके बाद महिला के पिता ने बेटी को अस्पताल पहुंचाया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। महिला के पिता ने दामाद के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
शहर के मोहल्ला श्याम नगर निवासी कमर सिद्दीकी ने उरई कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी आमना का निकाह चार साल पहले आरिफ से हुआ था। आमना की यह दूसरी शादी थी। उसके पहली शादी से तीन बच्चे हैं। निकाह से पहले उसके दूसरे पति आरिफ निवासी मोहल्ला तिलक नगर ने बच्चों की देखभाल का वादा किया था। लेकिन शादी के बाद उसने दो बच्चों को घर से निकाल दिया। साथ ही आमना से मारपीट करने लगा और 19 जून को शाम को पति आरिफ, उसका भाई इमरान उर्फ लालू, बहन शहनाज और पुत्री निदा ने आमना से मारपीट की। उन्होंने उसकी सोने की झुमकी भी छीन ली। इसके बाद आमना को छत से नीचे फेंक दिया। वह नीचे खड़ी मोटरसाइकिल पर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना को देखकर आमना के बच्चे ने दौड़कर नाना को सूचना दी। पिता ने तुरंत बेटी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस में शिकायत की है। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर भी साक्ष्य जुटा रही है।