गोरखपुर में एकतरफा प्यार में खौफनाक वारदात, सगी बहनों को गोली मार जान देने की कोशिश
गोरखपुर में एकतरफा प्यार में शुक्रवार को खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर सगी बहनों को गोली मार दी। इसके बाद खुद भी जान देने की कोशिश की है। बड़ी बहन की कहीं और शादी तय होने के बाद उसकी मौसी की पट्टीदारी के युवक ने ही वारदात को अंजाम दिया है।

गोरखपुर में एकतरफा प्यार में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है। सिविल लाइंस स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में शुक्रवार की दोपहर में एक सिरफिरे ने दो सगी बहनों को गोली मारने के बाद खुद भी जान देने की कोशिश की। तीनों को गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। आरोपित आजमगढ़ का रहने वाला है। वह रिश्ते में लड़कियों का मौसेरा भाई बताया जा रहा है। गगहा थाना क्षेत्र के गजहड़ा निवासी स्व. अनंत कुमार यादव कृषि विभाग में कार्यरत थे। कोरोना काल में उनके निधन के बाद बेटे अमन (20) को अनुकंपा पर नौकरी मिली है। वह मां शशिप्रभा व तीन बहनें पूजा (28), दिव्या (26) व नैंसी (20) के साथ पीडब्ल्यूडी कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रहता है।
आरोप है कि आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के खरिहानी गांव का रहने वाला मनदीप यादव प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका पूजा से एक तरफा प्रेम करता था। परिवारवालों ने पूजा की शादी कहीं और तय कर दी है। रिश्ते में मौसेरे भाई मनदीप को जब इसकी जानकारी हुई तब वह शुक्रवार को दिन में करीब डेढ़ बजे आवास पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। छोटी बहन नैंसी ने जैसे ही दरवाजा खोला, मनदीप ने उसे पिस्टल से गोली मार दी। पेट में गोली लगने के बाद शोर मचाते हुए वह अंदर भागी। इस बीच पूजा दरवाजे की ओर आ गई। मनदीप ने पूजा के सीने और पेट में दो गोलियां मारीं और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। सीने में गोली लगने के बाद मनदीप घर के बाहर सड़क पर गिरा पड़ा था।
उधर, घर के अंदर मौजूद मां शशिप्रभा और एक अन्य बहन ने मिलकर घायल बेटियों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इस बीच गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो लहूलुहाल हाल में युवक को देखकर कैंट पुलिस को सूचना दी। फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजवाया। वहां से डॉक्टर ने तीनों मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। सूचना पर डीएम कृष्ण करुणेश, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी अभिनव त्यागी सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर वारदात की जानकारी लेने के बाद मेडिकल कालेज पहुंच कर घायलों का हाल जाना।
पूजा की मौसी के जेठ का बेटा है मनदीप
आरोपित मनदीप यादव आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र के खरिहानी गांव का रहने वाला है। वह पूजा की मौसी मंजू यादव के जेठ सुरेश यादव का लड़का है। आरोप है कि वह पूजा से एकतरफा प्यार करता था और शादी करना चाहता था। रिश्ते में मौसेरा भाई होने की वजह से परिवार शादी को तैयार नहीं था। पूजा की शादी कहीं और करने पर वह धमकी देता था।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के अनुसार सिविल लाइंस के एक घर के अंदर फायरिंग की सूचना पर पुलिस पहुंची तो पता चला कि घर में रहने वाली पूजा यादव और उनकी छोटी बहन नैंसी यादव को गोली लगी है। फायरिंग करने वाले ने भी अपने आप को भी गोली मारी है। तीनों का बीआरडी मेडिकल कालेज में इलाज किया जा रहा है। आरोपित युवक इनकी मौसी के जेठ का बेटा है। वह पहले भी यहां आ चुका है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग में कर्मचारी थे अनंत यादव
हाटा गगहा निवासी अनंत यादव सेना में थे, वहां से सेवानिवृत होने के बाद कृषि विभाग में उन्होंने नौकरी ज्वाइन की थी। कारोना काल (2020) में उनका निधन हो गया था। बेटे अमन को मृतक आश्रित कोटे से क्लर्क की नौकरी मिली है। जब उसके पिता का निधन हुआ तब वह हाईस्कूल का छात्र था। वर्तमान में वह गोरखपुर विश्वविद्यालय से बीए कर रहा है। घटना के वक्त वह परीक्षा देने गया था।
प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती हैं बहनें
पूजा और उसकी दोनों बहनें प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं। पूजा ने कमिस्ट्री से एमएससी की है। जबकि दिव्या ने एमकॉम किया है। वहीं नैंसी एलएलबी कर रही है।