लोन हड़पने के लिए पति को मृत दिखाने वाली महिला गिरफ्तार
Gorakhpur News - - चार महिलाओं को पहले ही जेल भिजवा चुकी है पुलिस - फाइनेंस कंपनी

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता गोला बाजार स्थित भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड सब्सिडियरी इंडसइंड बैंक की शाखा से ऋण लेने हड़पने की आरोपित एक और महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला ने भी लोन हड़पने के लिए अपने पति का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया था। इससे इनका ऋण तो माफ हुआ ही, साथ ही पूर्व में जमा की गई किस्तों को डेथ पे अमाउंट के रूप में वापस ले लिया गया। पकड़े गए आरोपित की पहचान गोला के बिसरा गांव निवासी मालती पत्नी खुशहाल के रूप में हुई। दरअसल, भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड सब्सिडियरी इंडसइंड बैंक ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्रों में महिलाओं का समूह बनाकर स्वरोजगार एवं आय सृजन के लिए ऋण देता है।
फिर उसे आसान किस्तों में संग्रह करता है। इस शाखा के प्रबंधक दिनेश कुमार ने अक्तूबर 2023 में अपने ही शाखा के पूर्व प्रबंधक बृजेश कुमार सरोज व उनके पिता रामबली, निवासी कटुई विजया, थाना बिलरियागंज, आजमगढ़ के खिलाफ केस दर्ज कराया था। तहरीर में कहा गया कि आरोपियों ने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए समूह की कई महिला सदस्यों के पति को मृत दिखाकर उनके बीमा की रकम खुद हड़प ली है। कुछ महिला सदस्यों का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर उनका भी धन स्वयं ले लिया है। इसके अलावा पूर्व में भी इन्हीं सदस्यों को ऋण बांटने का दावा करते हुए ऋण का पैसा खुद दे लिया। पुलिस ने जांच शुरू की, तब पता लगा कि फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर 644197 रुपये का गबन किया गया है। इसके बाद पुलिस ने गोला नगर पंचायत वार्ड संख्या आठ बड़ी मस्जिद निवासी इस्लाम की पत्नी आशिया उर्फ आशा, वार्ड संख्या 21 मछलीहट्टा निवासी नीरज जायसवाल की पत्नी राजकुमारी देवी, सुअरज गांव निवासी विनय कुमार मौर्य की पत्नी साधना व डेईडीहा गांव निवासी गौरीशंकर प्रजापति की पत्नी मोती देवी को गिरफ्तार कर लिया जेल भेजा था। अब पुलिस ने इसी केस में मालती को जेल भिजवा दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।