Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsPolitical Turmoil in Gorakhpur SP Delegation Faces Violence During Meeting

अखिलेश यादव से मिलेंगे सपाई, सौंपेंगे रिपोर्ट

Gorakhpur News - गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धक्का-मुक्की की गई। मामला बढ़ने पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय धरने पर बैठ गए। पार्टी ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया और...

Newswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुरFri, 27 June 2025 05:30 AM
share Share
Follow Us on
अखिलेश यादव से मिलेंगे सपाई, सौंपेंगे रिपोर्ट

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। समाजवादी पार्टी की जिला कार्यकारिणी एक्शन मोड में है। बुधवार को पार्टी के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की अगुआई वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई अभद्रता व धक्का मुक्की पर कार्यकारिणी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंपेगी। इतना ही नहीं माना जा रहा है कि अगले दो से तीन दिन के अंदर पार्टी के हाईकमान से कार्यकारिणी के पदाधिकारी मुलाकात कर उन्हें घटना के पीछे के साजिश की जानकारी भी देंगे। जिले में विरासत गलियारे को लेकर सियासत चरम पर है। विरासत गलियारे के चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों से मिलने के लिए बुधवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा था।

इसका नेतृत्व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय कर रहे थे। उनके साथ विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल जब नार्मल तिराहे पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं और व्यापारी नेताओं ने बुलडोजर की मदद से रोक दिया। इस दौरान सपा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारी के साथ धक्कामुक्की की गई। मामले ने तूल पकड़ा तो दोनों नेता प्रतिपक्ष नार्मल तिराहे पर धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे चले हंगामे के बाद प्रतिनिधिमंडल को प्रभावित व्यापारियों से मिलने की अनुमति मिली। हालांकि इसके बाद भी जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। इस मामले ने पूरे प्रदेश की राजनीतिक को गरमा दिया है। समाजवादी पार्टी आक्रामक मोड में आ गई है। वह इसे लोकतंत्र की हत्या बता रही है। पार्टी ने सोशल मीडिया से लेकर सभी जगह पर इसके वीडियो और फोटो शेयर किए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने भी मामले को विशेषाधिकार का बताते हुए शासन प्रशासन को नोटिस देने का मन बना लिया है। जिला कार्यकारिणी हुई सक्रिय इसको लेकर गुरुवार को जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की भी बैठक हुई। इस घटना पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि घटना को लेकर जिला अध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। इस रिपोर्ट में पूरे प्रकरण का सिलसिलेवार विवरण तैयार किया जा रहा है। जिसमें सत्ता पक्ष, व्यापारी नेताओं की भूमिका के साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका का भी ब्योरा होगा। नेता प्रतिपक्ष की सुरक्षा में चूक का आरोप समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने बताया कि मंगलवार को ही नेता प्रतिपक्ष के आने की सूचना जिला प्रशासन को दे दी गई थी। जिलाधिकारी, कप्तान, एसपी सिटी, एडीएम सिटी को व्हाट्सएप से मैसेज किया गया। उनसे बात की गई। उन्हें प्रतिनिधिमंडल के रूट चार्ट की जानकारी दी गई। इसके बावजूद यह घटना हुई है। नार्मल तिराहे पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। पुलिस पीछे हट गई। किनारे खड़ी थी। यह सुरक्षा में चूक का भी मामला है। रिपोर्ट में इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताया जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें