हड़ताल खत्म करवाने की प्रशासनिक कवायद शुरू, सीआरओ ने लिया जायजा
Gangapar News - कोरांव तहसील में पिछले 15 दिनों से वकीलों की हड़ताल चल रही है, जिससे क्षेत्रीय फरियादियों को काफी परेशानी हो रही है। सीआरओ प्रयागराज ने स्थिति का जायजा लेने और वकीलों से बातचीत करने के लिए दौरा किया।...

कोरांव, हिन्दुस्तान संवाद। बीते एक पखवारे से तहसील कोरांव के हड़ताली अधिवक्ताओं द्वारा एसडीएम के विरुद्ध चल रही नारेबाजी की गूंज जिला मुख्यालय तक पहुंच चुकी है। यही वजह थी कि मुख्य राजस्व अधिकारी प्रयागराज ने मंगलवार को तहसील कोरांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं के दोनों गुटों से अलग अलग वार्ता कर सुलह समझौते हर सूत्र को ढूंढने का प्रयास किया। तहसील कोरांव में बीते 15 दिनों से चल रही हड़ताल क्षेत्रीय फरियादियों के लिए भारी पड़ती दिख रही है। क्षेत्र में हो रही बारिश के मद्देनजर सड़क, नाली,चकमार्ग,और जमीन संबंधी मामलों में स्वाभाविक वृद्धि हो जाती है।
न्याय की गुहार लगाने तहसील पहुंचे फरियादियों का हड़ताल के कारण खाली हाथ वापस घर लौटना हर क्षेत्रवासी को कष्टकारक हो चुका है। जन प्रतिनिधियों,अधिवक्ताओं और अधिकारियों यानी प्रत्येक संवर्ग में लंबी खिंच रही हड़ताल को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। क्षेत्रीय फरियादियों की परेशानी को देखते हुए सीआरओ प्रयागराज कुंवर पंकज ने मंगलवार को तहसील कोरांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हड़ताली अधिवक्ताओं से वार्ता कर उनसे मामले की जानकारी ली। इस बाबत हड़ताली अधिवक्ताओं का नेतृत्व कर रहे पूर्व अध्यक्ष ने एसडीएम कोरांव पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनका स्थानांतरण नहीं होता हम इसी तरह कटिबद्ध रहेंगे। इस दौरान उनके तेवर इतने सख्त देखे गए कि उन्होंने अधिवक्ता संघ कोरांव के अध्यक्ष और मंत्री के साथ संयुक्त वार्ता करने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद सीआरओ ने अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रामबहादुर सिंह और मंत्री से अलग से वार्ता की। इस दौरान अध्यक्ष ने क्षेत्रीय वादकारियों की परेशानी को लेकर चिंता व्यक्त की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।