ट्रैक्टर मालिक और दो-दो पक्के मकान वालों को भी मिल रहा राशन
Farrukhabad-kannauj News - अमृतपुर के कुम्हरौर गांव में गरीबों के लिए संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अमीरों द्वारा धांधली की जा रही है। ग्राम पंचायत की खुली बैठक में 47 राशन कार्ड धारक अपात्र पाए गए। कई ऐसे लोग हैं जिनके...

अमृतपुर, संवाददाता। गरीबो के कल्याण को संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली का मजाक सा उड़ रहा है। गरीबों की बजाय अमीर इस योजना में सेंध लगा रहे हैं। कुम्हरौर गांव में तो ट्रैक्टर मालिक ही नहीं बल्कि दो दो पक्के मकान वालो को भी राशन का लाभ मिल रहा है। इसकी हकीकत ग्राम पंचायत सचिवालय में हुयी खुली बैठक में सामने आ गयी। प्रधान के मुताबिक 47 राशन कार्ड धारक अपात्र पाये गये हैं और छह मृतक राशन कार्ड धारकों के नाम से भी काफी समय से राशन हड़पा जा रहा है। पात्र गृहस्थी और अंतोदय योजना से गरीबों को लाभान्वित किया जा रहा है।
इसमें अंतोदय में 35 किलोग्राम राशन जबकि पात्र गृहस्थी में 5 किलेा यूनिट के हिसाब से राशन दिये जाने की व्यवस्था है। कुम्हरौर के ग्राम विकास अधिकारी और प्रधान हिमानी सिंह की उपस्थिति मे ग्राम सचिवालय में जब खुली बैठक हुयी तो राशन वितरण व्यवस्था की पोल खुल गयी। इसमें एक कार्ड धारक के पास दो पक्के मकान हैं। वह भी राशन का लाभ ले रहा है तो वहीं एक राशन कार्ड धारक रिटायर्ड दरोगा है और पक्का मकान भी है। इसी तरह से तो ऐसे लोग भी पाये गये जो कि पति पत्नी हैं। दोनों के पास अंतोदय राशन कार्ड है। प्रधान के मुताबिक एक कार्ड पर पूर्व प्रधान का नाम भी सम्मिलत है। मां-बेटों के भी अलग अलग अंतोदय कार्ड पाये गये। 60 बीघा और 20 बीघा जमीन के मालिकों को भी राशन का लाभ मिलने की बैठक मेें पुष्टि हुयी। एक राशन कार्ड धारक के तीनो पुत्र सरकारी नौकरी में हैं। प्रधान ने बताया कि सत्यापन सूची में 47 राशन कार्ड अपात्र पाये गये हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।