मोहर्रम का चांद होते ही गम में डूबे अजादर
Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद में मोहर्रम के चांद की तस्दीक होते ही इमाम हुसैन के चाहने वाले गम में डूब गए। मातम और मजलिस का दौर शुरू हो गया है। अजाखानों में हुसैन के चाहने वालों की सिसकियां सुनाई देने लगीं। इस्लामी नए...

फर्रुखाबाद, संवाददाता। मोहर्रम के चांद की तस्दीक हो गई है। चांद की तस्दीक होते ही इमाम हुसैन के चाहने वाले गम में डूब गए। काले लिबास के साथ घरों पर भी काले परचम सरसब्ज हो गए। देर शाम से ही मातम और मजलिसो का दौर शुरू हो गया है। मोहर्रम के महीने का आगाज होते ही आजाखानों से हुसैन के चाहने वालों की सिसकियां सुनाई देने लगीं। चांद होने से पहले ही अजाखानो को सजाया संवारा जा रहा था। पहले से तय था कि गुरुवार को मोहर्रम का चांद हो जायेगा। शाम को चांद की तस्दीक होते ही हर आंख नम हो गई और घरों में मातम छा गया।
मोहल्ला घेर शामू खां, मदारबड़ी, बूरावाली गली, चीनीग्रान आदि इमामबाड़ों के साथ दरगाह हजरत अब्बास और कर्बला में अजादार पहुंचे और आंसू बहाए। शहर से लेकर फतेहगढ़ तक सभी अजाखानो में गम ए हुसैन में अजादार डूबे दिखाई दिए। चिलसरा रोड स्थित कर्बला, नजफ में शिया व सुन्नी हजरात पहुंचने और दरूद फातिहा पढ़ने के साथ कर्बला में शहीद हुए इमाम हुसैन और उनके साथियों को यादकर किया। मौलाना सदाकत हुसैन शैथली ने बताया कि मोहर्रम के महीने का आगाज हो गया है। मौलाना फरहत अली जैदी ने बताया मोहर्रम के चांद की तस्दीक हो गई है। इस्लामी नए साल का भी हुआ आगाज फर्रुखाबाद। मोहर्रम का चांद होते ही इस्लामी नए साल का भी आगाज हो गया है। इस्लामी कलैंडर का पहला महीना मोहर्रम का होता है। गुरुवार को मस्जिद काजी साहब में चांद कमेटी की बैठक हुई। काजी मुताहिर अली ने बताया मोहर्रम का चांद हो गया है। इस्लामी नया साल शुरू हो गया है। शुक्रवार को मोहर्रम की पहली तारीख होगी। इस्लामी नया साल बड़े ही सादगी के साथ मनाया जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।