लव मैरिज से नाराज था परिवार, दिल्ली से घर लौटे दंपती पर रात में बोला हमला; पति की मौत
अमित और आर्केस्टा में काम करने वाली अनिता ने 2 साल पहले लव मैरिज कर ली थी। घर वाले इस शादी से खुश नहीं थे। आए दिन घर पर कलह होती थी। रोज-रोज के झगड़े से नवविवाहित दंपती बुरी तरह परेशान हो गया था। वे दिल्ली चले गए थे। बुधवार को घर लौटे तो एक बार फिर कलह होने लगी। घरवालों ने रात में हमला कर दिया।

यूपी के गोरखपुर में एक दर्दनाक घटना हो गई है। यहां एक दंपती अपने ही घरवालों के गुस्से का शिकार हो गया है। घरवालों को उनके लव मैरिज करने पर एतराज था। दो साल पहले हुई शादी के समय से ही यह नाराजगी चली आ रही थी। पारिवारिक कलह को लेकर बुधवार की रात में हुए विवाद में दंपति पर घरवालों ने ही हमला कर दिया। इसमें पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में शामिल मां, दो बहन और भाई को पुलिस हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।
घटना, गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के तिघरा रुद्रमन गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार दो साल पहले यहां के रहने वाले अमित (उम्र 35 वर्ष) पुत्र रामसरन और आर्केस्टा में काम करने वाली अनिता (उम्र 30 वर्ष) ने प्रेम विवाह (लव मैरिज) कर ली थी। घर वाले इस शादी से खुश नहीं थे। आए दिन घर पर कलह होती थी। रोज-रोज के झगड़े से नवविवाहित दंपती बुरी तरह परेशान हो गया था। कुछ इस वजह से और कुछ अच्छे रोजगार की चाहत में अमित अपनी पत्नी को लेकर दिल्ली चला गया। दोनों वहीं रहने लगे।
बुधवार को अमित पत्नी के साथ गांव आया था। दोनों को देखते ही परिवारवालों की नाराजगी एक बार फिर सामने आ गई। आरोप है कि उसकी मां, बहन और भाई उसे घर में नहीं घुसने दे रहे थे। उसके कमरे में ताला लगा दिया। आसपास के लोगों की मदद से अमित और उसकी पत्नी ताला तोड़कर अपने कमरे में दाखिल हो गए। यह सब उसके भाई, बहन और मां को नागवार लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8 बजे अमित का अपनी मां, दो बहनों तथा भाई से विवाद होने लगा। इसी दौरान सभी ने लाठी डंडे से अमित को पीटना शुरू कर दिया। जिससे सिर पर लगी गंभीर चोट से वह बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों की मदद से अमित व उसकी पत्नी को लेकर सीएचसी बांसगांव के लिए रवाना हुए। इस दौरान अमित ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।