अलीगंज में धर्म परिवर्तन सूचना पर पुलिस का छापा, हो रही पूछताछ
Etah News - रविवार को किला रोड पर धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारा। दूसरी मंजिल पर महिलाओं और बच्चों का धर्म परिवर्तन चल रहा था। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया और बाइबिल भी बरामद की।...

धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत पर रविवार दोपहर को किला रोड स्थित एक मकान में पुलिस ने छापा मारा। छापामार कार्रवाई के दौरान दूसरी मंजिल पर बने कमरे में महिलाओं, बच्चों का धर्म परिवर्तन कराने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में बजरंज दल के पदाधिकारी ने तहरीर दी है। मौके से बाइबिल भी मिले हैं। रविवार को कोतवाली अलीगंज पुलिस से बजरंग दल के पदाधिकारियों ने शिकायत की और बताया कि एक घर में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। जानकारी मिलते ही काफी संख्या में पुलिस फोर्स ने किला रोड स्थित एक घर में जाकर छापा मारा।
कमरे में काफी संख्या में महिलाएं, बच्चे बैठे हुए थे। आरोप है कि इन सभी को धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। मौके से धार्मिक ग्रन्थ मिले है। इन्हें पुलिस ने बरामद किया है। विजय पुत्र रामचन्द्र अकबरपुर कोट थाना अलीगंज, महावीर सिंह पुत्र विजय सिंह भरापुरा, सरवन सिंह पुत्र सुंदरलाल निवासी लुहारी दरवाजा, धर्मवीर पुत्र धर्मराज निवासी गम्हारी गाजीपुर जिला फिरोजाबाद को पुलिस ने पकड़ा है। इन्हें थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। बजरंज दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाए है कि रुपये, नौकरी का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। जानकारी पर हिंदूवादी संगठन कोतवाली भी पहुंच गए और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। बजरंज दल के पदाधिकारी आदित्य राठौर ने तहरीर देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक घर में धर्म परिवर्तन करवाया जाता है। इसकी शिकायत अलीगंज पुलिस से की थी। मामले में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। बताया कि यह लोग बाइबल पढ़ा रहे थे और हिंदुओं का धर्मपरिवर्तन करवा रहे थे। पूरे मामले में थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। आलाधिकारियों को अवगत कराया गया। अधिकारियों से आदेश मिलते ही मामले में एफआईआर दर्ज कराकर जांच की जाएगी। पुलिस को सूचना मिली थी धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। पुलिस की टीम गई थी। यहां पर कुछ लोग मिले है। इन लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने पर कार्रवाई की जाएगी। नितीश गर्ग, सीओ अलीगंज
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।