Hindustan Special: कलह ने एक महीने में छीन लीं 5 जिंदगियां, थाने पहुंच रहे घरेलू विवाद; 67 परिवार टूटे
पारिवारिक कलह में रिश्ते बिखर रहे हैं तो लोगों की जिंदगी भी छिन रही है। जिले में ऐसे मामले तेजी से बढ़े हैं। पिछले एक माह में ही खुदकुशी के पांच मामलों की वजह पारिवारिक कलह सामने आई है तो जिले के थानों में दहेज उत्पीड़न के 67 केस दर्ज किए गए हैं।

पारिवारिक कलह में रिश्ते बिखर रहे हैं तो लोगों की जिंदगी भी छिन रही है। जिले में ऐसे मामले तेजी से बढ़े हैं। पिछले एक माह में ही खुदकुशी के पांच मामलों की वजह पारिवारिक कलह सामने आई है तो जिले के थानों में दहेज उत्पीड़न के 67 केस दर्ज किए गए हैं। यह हाल तब है, जबकि पुलिस रिश्तों को बचाने की कोशिशों में जुटी है। लगातार बढ़ती घरेलू कलह न केवल रिश्तों में दरार डाल रही है बल्कि अविश्वास की भावना को भी बढ़ावा दे रही है। कहीं पत्नी, पति की घरेलू हिंसा का शिकार हो रही है तो कहीं पति को ही पत्नी से खतरा बना हुआ है। इन घरेलू हालातों का शिकार बच्चों को भी होना पड़ रहा है।
अधिकतर मामलों में महिलाएं ही घरेलू हिंसा की शिकार होती रही है, लेकिन बदलते हालात में कई ऐसे केस भी सामने आए हैं, जिनमें महिलाओं पर ही परिवार को बर्बाद करने के संगीन आरोप लगे हैं। महिलाओं के प्रार्थना पत्र पर एक बार काउंसलर की मदद से पहले रिश्ता बचाने की कोशिश की जाती है। काउंसलर कई मामलों में सफल भी होते हैं, लेकिन बहुतेरे मामलों में लोग छोटे से विवाद पर संबंध तोड़ने के लिए ही गवाही देते हैं। बात न बनने पर ही केस दर्ज किया जाता है। गंभीर यह है कई लोग कलह में अपनी जिंदगी ही खत्म कर ले रहे हैं।
हाल ही में सामने आए मामले |
---|
कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से महिला परिजनों के साथ पुलिस तक पहुंची। गुहार लगाई कि उसके पति बेवजह मारपीट करते हैं। परिजनों को भी गाली और धमकी देते हैं। अब वह पति की मारपीट और दुर्व्यवहार सहन नहीं कर सकती। उसे जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। |
खजनी थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस से गुहार लगाई कि उसके बेटे के साथ पुत्रवधू ने मायके वालों संग घर में घुसकर मारपीट की। वह बच्चों को भी मारना चाहती है। एक बच्चे को 50 हजार रुपये में बेच दिया गया था, जिसे बाद में छुड़वाना पड़ा। पुत्रवधू से उसके बेटे को खतरा बना हुआ, जिसके चलते ही वह घर से गायब है और उनका कोई सुराग नहीं लग रहा। |
बड़हलगंज क्षेत्र की एक महिला ने घरेलू कलह से परेशान होकर अपनी जान दे दी। मायके वालों ने दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। इस मामले में पहले मामला महिला थाने पहुंचा। महिला की काउंसिलिंग कराई गई, लेकिन बात नहीं बनी और आखिरकार उसने जान दे दी। |