लड़की पसंद नहीं फिर भी शादी का दबाव बना रहे, FB पर सुसाइड नोट लिख युवक ने लगाई फांसी
यूपी के मैनपुरी में एक युवक पर लड़की पसंद नहीं होने के बाद भी उसी से शादी का दबाव बनाया जा रहा था। इससे परेशान युवक ने सुसाइड नोट फेसबुक पर पोस्ट कर फांसी लगा ली। उसने फेसबुक पर लिखा कि लड़की पसंद नहीं है फिर भी शादी का दबाव बनाया जा रहा है।

लड़की वालों का शादी के लिए दबाव इतना असहनीय हो गया कि युवक ने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। फेसबुक पर सुसाइड नोट डालने से घटना का कारण स्पष्ट हुआ। उसने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि उसे लड़की पसंद नहीं है फिर भी उसी से शादी का दबाव बनाया जा रहा है। पिता के अनुसार लड़के की कहीं और शादी भी तय हो गई थी। अब घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
दन्नाहार थाना क्षेत्र के ग्राम महटौली निवासी दिनेश राठौर के 23 वर्षीय पुत्र विक्रम राठौर से कटरा समान निवासी एक परिवार की लड़की से शादी की बात चली थी। विक्रम को लड़की का कद कम लगा तो उसने नापसंदगी जाहिर कर दी। लेकिन उस पर लगातार शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था। बुधवार को भी कटरा समान के लोग पड़ोसी गांव डांडेहार के लोगों को लेकर महटोली पहुंच गए।
लड़की से जबरन शादी का दबाव बनाने लगे। इससे क्षुब्ध होकर विक्रम खेतों की तरफ चला गया। वहां उसने मोबाइल पर सुसाइड नोट लिखकर फेसबुक पर पोस्ट कर दिया और इसके करीब 10 मिनट बाद फांसी लगाकर जान दे दी। दन्नाहार थाना प्रभारी वीरेंद्र पाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
युवक की दूसरी जगह तय कर दी थी शादी
पोस्टमार्टम हाउस पर विक्रम के पिता दिनेश और भाई अनुभव का रो रोकर बुरा हाल था। पिता का कहना था कि उन्होंने अपने बेटे की शादी दूसरी जगह तय कर दी है और कटरा समान के लोग जबरन शादी करने का दबाव बना रहे हैं। इसी से परेशान होकर उसके बेटे ने आत्महत्या की है। मृतक तीन भाई था।
मृतक ने मोबाइल से ये पोस्ट अपलोड की
मृतक ने मरने से कुछ मिनट पहले अपने मोबाइल से सुसाइड नोट लिखा और उसे फेसबुक पर डाल दिया। युवक ने लिखा कि समान कटरा के कुछ लोग जबरदस्ती शादी का दबाव डाल रहे हैं। हमें उनकी लड़की पसंद नहीं है फिर भी ये लोग शादी करने का दबाव बना रहे हैं। इससे परेशान होकर वह सुसाइड कर रहा है। मेरी मौत के जिम्मेदार समान कटरा से आए 8-10 लोग हैं जो उसे टॉर्चर कर रहे हैं और पैसे की धमकी दे रहे हैं। कह रहे हैं कि शादी तो हम करके ही जाएंगे। इन लोगों की वजह से वह जान दे रहा हूं।