थाने से फरार आरोपी को 15 घंटे में दबोचा, कांस्टेबल निलंबित
Deoria News - देवरिया, निज संवाददाता। मारपीट के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी शौच करने ले

देवरिया, निज संवाददाता। मारपीट के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी शौच करने ले जाते समय भलुअनी थाने से होमगार्ड का हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। हालांकि पुलिस के 15 घंटे के प्रयास के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में दारोगा ने लापरवाही बरतने वाली महिला कांस्टेबल व होमगार्ड के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। उधर एसपी विक्रांत वीर ने लापरवाही बरतने वाली महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। भलुअनी थाना क्षेत्र में हुए एक मारपीट के मामले में बरौली निवासी अभिषेक पुत्र राजा प्रसाद आरोपी था।
उप निरीक्षक हरिशंकर यादव द्वारा उसे 25 जून की रात को गिरफ्तार किया गया। जबकि 26 जून को वह शौच करने के लिए जाने की बात कहा, इसके बाद होमगार्ड गोपीचंद राजभर उसे शौच के लिए ले जा रहे थे, इस बीच आरोपी हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। इसकी भनक जब पुलिस महकमे में हुई तो खलबली मच गई। जगह-जगह पुलिस तलाश करना शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद शुक्रवार को 15 घंटे बाद पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। उधर इस मामले में उप निरीक्षक आशीषक कुमार तिवारी ने होमगार्ड गोपीचंद राजभर, महिला कांस्टेबल शशिप्रदा चौहान व अभिषेक के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। महिला कांस्टेबल उस समय संतरी की ड्यूटी पर थी। लापरवाही सामने आने पर एसपी ने उसे निलंबित कर दिया है। पुलिस अभिरक्षा से फरार होने वाला आरोपी अभिषेक रफ्तार गैंग का सदस्य बताया जा रहा है। 48 घंटे में इंस्पेक्टर समेत छह के निलंबन से खलबली अब लापरवाह पुलिस कर्मियों पर एसपी की सख्ती दिखने लगी है। 48 घंटे में एसपी ने इंस्पेक्टर समेत छह पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है। बुधवार की रात खुखुंदू थाने में तैनात दारोगा विनय सिंह, सिपाही जगरनाथ, पंकज शुक्ला को निलंबित किया गया, जबकि गुरुवार को रुद्रपुर के कोतवाल रणजीत सिंह भदौरिया, बघौचघाट थाने में तैनात उप निरीक्षक सुरेंद्र त्रिपाठी को तो शुक्रवार को महिला कांस्टेबल शशिप्रदा को निलंबित किया गया है। पहले भी फरार हो चुके हैं आरोपी जिले में पुलिस कर्मियों की लापरवाही से आए दिन आरोपी फरार हो जा रहे हैं। हाल ही में दीवानी न्यायालय परिसर से पाक्सो एक्ट का बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार किया। जबकि 2024 में गौरीबाजार थाना का एक आरोपी भी फरार हो गया था। पुलिस ने उसे कुछ घंटों में गिरफ्तार किया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।