Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़CM Yogi reached Delhi and met jp Nadda discussions on state president and cabinet expansion intensified after Holi

दिल्ली पहुंचे सीएम योगी ने नड्डा से की मुलाकात, होली के बाद प्रदेश अध्यक्ष व मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। आधे घंटे से अधिक की इस मुलाकात को यूपी की आगामी सियासत की दृष्टि से खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Dinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ, विशेष संवाददाताSat, 8 March 2025 09:29 PM
share Share
Follow Us on
दिल्ली पहुंचे सीएम योगी ने नड्डा से की मुलाकात, होली के बाद प्रदेश अध्यक्ष व मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। आधे घंटे से अधिक की इस मुलाकात को यूपी की आगामी सियासत की दृष्टि से खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। योगी और नड्डा की इस मुलाकात के बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं और तेज हो गई हैं। इसके साथ ही यूपी भाजपा के नये अध्यक्ष का चुनाव भी होना है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में इन दोनों ही मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पश्चिमी यूपी और दिल्ली के प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलकर यूपी के सियासी हालात पर चर्चा की। यह भेंट ऐसे समय पर हुई है जब प्रदेश में संगठन के चुनाव चल रहे हैं और यूपी भाजपा को नया मुखिया मिलना है। प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में टीम योगी के कई चेहरों के साथ ही केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल हैं। इसके अलावा भी प्रदेश के कई नेता इस रेस में हैं। भाजपा जिलाध्यक्षों की सूची को भी अभी दिल्ली से हरी झंडी मिलना बाकी है। माना जा रहा है कि भाजपा अध्यक्ष ने इसे लेकर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की।

इसके अलावा बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी मंत्रिमंडल विस्तार होना है। यह विस्तार इसी माह होली के बाद प्रस्तावित है। मौजूदा मंत्रियों के कामकाज से लेकर टीम में शामिल होने वाले संभावित चेहरों को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच बात हुई। हालांकि पार्टी के स्तर से इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
अगला लेखऐप पर पढ़ें