चित्रकूट में मासूम बेटे को कमर से बांध यमुना में कूदी मां, दोनों की मौत
Chitrakoot News - राजापुर (चित्रकूट) में एक महिला ने अपने डेढ़ साल के बेटे को कमर से बांधकर यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। उसने दवा दिलाने के नाम पर घर छोड़ा था। मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप...

राजापुर (चित्रकूट), संवाददाता। कौशांबी मार्ग पर बने यमुना पुल से गुरुवार सुबह एक महिला ने डेढ़ साल के बेटे को कमर से बांधने के बाद नदी में छलांग लगा दी। इससे दोनों की मौत हो गई। वह सुबह करीब चार बजे बेटे को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसने कौशांबी के रहने वाले युवक से चार साल पहले प्रेम-विवाह किया था। मायके पक्ष के लोगों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। राजापुर थाना क्षेत्र के कनकोटा गांव निवासी राज कुमारी ने बताया कि उनकी बेटी गौरा (25) करीब चार साल पहले प्रेम संबंधों के चलते कौशांबी जिले के सरांय अकिल थाना क्षेत्र के गढ़वा ईशामबाद निवासी संतोष के साथ चली गई थी।
इसके बाद दोनों परिवारों ने रजामंदी से शादी करा दी थी। आरोप लगाया कि दहेज न मिलने की वजह से संतोष और उसके घर वाले बेटी को प्रताड़ित करते थे। पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब चार बजे गौरा बेटे को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थी। करीब 10 बजे उसने राजापुर से सटे कौशांबी मार्ग पर यमुना पुल से बेटे के साथ नदी में छलांग लगा दी। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि लोगों की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। करीब आधा घंटे बाद दोनों को निकालकर सीएचसी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सोशल मीडिया में दोनों के फोटो वायरल होने के कई घंटे बाद शिनाख्त हो सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका की मां ने ससुराल वालों पर आरोप तो लगाए हैं, लेकिन अभी तहरीर नहीं दी है। ससुराल पक्ष में संपर्क करने पर पता चला कि संतोष भी गुरुवार को ही कमाने के लिए घर से कहीं चला गया है। मामले की जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।