कलंक के खिलाफ: गबन के मामले में डिबाई देहात ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज
Bulandsehar News - डिबाई देहात ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में अनियमितता के मामले में ग्राम प्रधान प्रेमवती के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए गए हैं। शिकायतकर्ताओं के आरोप सही पाए गए हैं। सचिव इश्तियाक को निलंबित किया गया...

विकास कार्यों के लिए मिले बजट में अनियमितता करने के मामले में डिबाई देहात ग्राम पंचायत के डीएम ने वित्तीय अधिकार सीज कर दिए हैं। ग्राम सचिव को करीब एक सप्ताह पूर्व डीपीआरओ ने सस्पेंड कर दिया था। शिकायतकर्ताओं ने ग्राम प्रधान पर जो आरोप लगाए थे वह जांच के दौरान सही पाए गए। तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया गया है। अग्रिम जांच के लिए भी समिति बनाई गई है। डिबाई देहात ग्राम पंचायत की प्रधान प्रेमवती पर शिवकुमार, नरेंद्र प्रताप सहित अन्य लोगों ने विकास कार्यों में गबन व अनियमितता के आरोप लगाए थे। आरोप थे कि प्रधान द्वारा 2021-2022 व 2023 में कोई खुली बैठक नहीं कराई, जिससे ग्रामीणों के साथ विकास कार्यों को लेकर चर्चा हो सके।
शिकायत के अनुसार ग्राम प्रधान के अभिलेखों पर पृथक-पृथक हस्ताक्षर थे। इस संबंध में उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था तो कोई जवाब नहीं दिया। पदेन सचिव व प्रधान द्वारा सार्वजनिक शौचालय में टायल्स लगाने का कार्य कराया गया था जांच आख्या के अनुसार इसकी गुणवत्ता संतोष जनक नहीं मिली। इसी तरह नाला निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग हुआ जो जगह-जगह से टूटा हुआ था। विभाग के अनुसार कुल सात बिंदुओं पर कराई गई जांच में सभी आरोप ठीक पाए गए थे। मामले में ग्राम प्रधान प्रेमवती को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस दिया था मगर उनके द्वारा इसका कोई जवाब नहीं दिया गया। डीपीआरओ ने बताया कि इस प्रकरण में सचिव इश्तियाक को पूर्व में निलंबित कर दिया था। अब ग्राम प्रधान प्रेमवती के तत्काल प्रभाव से डीएम श्रुति के आदेश पर वित्तीय अधिकार सीज कर दिए हैं। कोट--- डिबाई देहात की ग्राम पंचायत के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए हैं। शिकायतकर्ताओं ने जो आरोप लगाए थे वह ठीक मिले हैं। गांव में तीन सदस्य समिति बनाई है। प्रधान की अग्रिम जांच के लिए समिति बना दी है। -डा. प्रीतम सिंह, डीपीआरओ
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।