आंतकवाद को खत्म करना सरकार का संकल्प: भूपेंद्र चौधरी
Bulandsehar News - भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार ने आतंकवाद खत्म करने का संकल्प लिया है। 11 वर्षों में बेहतर सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और आरक्षण के नाम पर ढिंढोरा पीटते...

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार ने आतंकवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है। इसके लिए सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर से आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट किया है। 11 वर्षों में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेहतर सरकार चल रही है। कहा कि कांग्रेस के लोग संविधान और आरक्षण के नाम पर ढिंढोरा पीटने का काम करते हैं। शनिवार को डीएम रोड पर ग्रीन इंडिया होटल में भाजपा की जिला कार्यशाला को संबोधित करने के बाद प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि 11 वर्ष में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित काम किए हैं।
कानून व्यवस्था को मजबूत किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में निरंतर काम किया जा रहा है। अब प्रदेश के अधिकांश जनपदों में मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। जहां मेडिकल कॉलेज नहीं हैं वहां भी मेडिकल कॉलेज के लिए तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा लेकर पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर तक जाएंगे। जनता तक पहुंचाएंगे सरकार के कामकाज प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 9 जून को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश को संबोधित करेंगे। अब तक के कामकाज को देश के सामने रखेंगे। 10 जून को जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं उन सभी राज्यों के मुख्यमंत्री अपनी सरकार का लेखा-जोखा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनता के बीच रखेंगे। जहां भाजपा की सरकारें नहीं हैं पार्टी द्वारा निर्धारित मंत्री इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे। जिले में 11 जून को और शेष जिला केंद्रों पर 12 जून को उपलब्धियां जनता को बताएंगे। 20 जून तक लगातार मंडल, शक्ति केंद्र प्रत्येक बूथ पर विभिन्न कार्यक्रमों के डिजाइन के माध्यम से घर-घर जाकर कामकाजों के पत्रक बांटे जाएंगे। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि 25 जून को इमरजेंसी के 50 साल पूरे हो रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने संविधान को समाप्त करने का षड़्यंत्र रचा था। इस दिन विचार गोष्ठी के माध्यम से लोकतंत्र संग्राम सेनानियों का सम्मान करेंगे। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान, सांसद डॉ. भोला सिंह, विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक लक्ष्मीराज सिंह, विधायक मीनाक्षी सिंह, पालिकाध्यक्ष दीप्ति मित्तल आदि रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।