मॉक संसद के माध्यम से साझा की आपातकाल की जानकारी
Bareily News - फोटो फरीदपुर, संवाददाता। 1975 में आपातकाल के दौरान भारतीय लोकतंत्र पर

फोटो फरीदपुर, संवाददाता। 1975 में आपातकाल के दौरान भारतीय लोकतंत्र पर लगे काले धब्बे को याद करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से बुधवार को मॉक संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आपातकाल की तानाशाही और लोकतंत्र के हनन से आज की पीढ़ी को अवगत कराना था। कार्यक्रम में मंडल के बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर से आए करीब 250 युवा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। जिनमें से 90 युवाओं को मॉक संसद में भाग लेने का अवसर मिला। हर प्रतिभागी को 90 सेकंड में आपातकाल के खिलाफ अपने विचार संसद की शैली में प्रस्तुत करने थे।
बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने लोकसभा स्पीकर की भूमिका निभाई और भाजपा जिला प्रभारी देवेंद्र चौधरी डिप्टी स्पीकर रहे। पहले सत्र में रुद्र लक्ष्मीकांत अवस्थी ने संसद की कार्रवाई की जानकारी साझा की। बाकी दोनों सत्रों में प्रतिभागियों द्वारा वक्तव्य प्रस्तुत किए गए। प्रतिभागियों के मूल्यांकन हेतु जज के रूप में वरिष्ठ शिक्षक जगतपाल सिंह चौहान और गोविंद दीक्षित को नियुक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र की रक्षा हेतु सजग रहने का संदेश दिया। विधायक श्याम बिहारी लाल ने आपातकाल के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने की। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, बरेली जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, प्रवासी अधिकारी सौरभ भूषण शर्मा, जिलाध्यक्ष राजू उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना, निमिष शंखधर, विशाल प्रताप, तेज विक्रम, अभिनय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।