किशोर की हत्या में गांव के ही दो गिरफ्तार, गांव में तनाव
Balia News - बैरिया में 16 वर्षीय गोलू यादव की चाकुओं से हत्या के मामले में पुलिस ने सात नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार किया है। मृतक का अंतिम संस्कार सरयू नदी के माझी घाट पर किया गया। गांव में तनाव के...

बैरिया, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के टोला शिवन राय निवासी हरेन्द्र यादव के 16 वर्षीय पुत्र गोलू यादव की चाकुओं से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने सात नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ बैरिया राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मृत किशोर के गांव के ही पवन सिंह और अमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उधर, शुक्रवार की शाम कड़ी सुरक्षा के बीच गोलू यादव का अंतिम संस्कार सरयू नदी के माझी घाट पर किया गया। इस दौरान एसडीएम आलोक प्रताप सिंह, सीओ मो. फहीम कुरैशी, एसएचओ राकेश कुमार समेत पुलिस के जवान थे।
घटना के बाद से टोला शिवन राय गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर शनिवार को भी गांव में पुलिस और पीएसी तैनात रही। हालांकि गांव में शांति बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के टोला फकरु राय गांव में श्राद्ध कर्म पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौट रहे टोला शिवन राय निवासी गोलू यादव की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई ने सात नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग मृतक के दरवाजे पर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। गोलू के पिता हरेंद्र यादव खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गोलू पांच भाइयों में सबसे छोटा था। एक बहन प्रतिभा भी है। गोलू यादव की निर्मम हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। एसडीएम आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। प्रशासन की पूरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है। आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सहायता दी जाएगी। इस सम्बंध में उच्चाधिकारियों से बात करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।