तेंदुए ने बछिया को बनाया निवाला, जंगली जानवर को बनाया शिकार, दहशत में ग्रामीण
Amroha News - जोया/रजबपुर, हिटी। जिले के गांवों में तेंदुए की बढ़ती दहशत के बीच तेंदुए ने जोया में बछिया को निवाला बना लिया। वहीं रजबपुर में तेंदुए ने जंगली जानवर

जिले के गांवों में तेंदुए की बढ़ती दहशत के बीच तेंदुए ने जोया में बछिया को निवाला बना लिया। वहीं रजबपुर में तेंदुए ने जंगली जानवर को अपना शिकार बनाया। नौगावां सादात क्षेत्र के गांव अलीपुर में गुरुवार रात तेंदुआ फिर से दिखाई देने के बाद से ग्रामीण सहमे हुए हैं। ग्रामीण वन विभाग से पिंजरा लगवाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। जोया क्षेत्र के गांव शेखूपुरा गुर्जर निवासी पेशे से मजदूर कलुवा का घर चुबका मार्ग पर है। शुक्रवार सुबह मजदूर के आंगन में बंधी बछिया पर तेंदुए ने हमला कर दिया। पशुओं के रंभाने की आवाज पर कलुवा की पत्नी फूलजहां नींद से जागी तो बाहर जाकर देखा कि तेंदुआ बछिया पर हमला कर रहा है।
इस पर फूलजहां की चीख निकल गई। दंपत्ति के शोर मचाने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद लाठी-डंडे लेकर दौड़े ग्रामीणों का शोर सुनकर तेंदुआ अपने दोनों शावकों के साथ जंगल की तरफ भाग निकला। ग्रामीणों ने बताया कि दो सप्ताह पहले तेंदुआ पूरनपुर गांव के ईंट भट्ठे पर भी देखा गया था। सफाई कर्मी रेनू कश्यप और देवेंद्र कुमार ने भी दो दिन पहले शेखूपुरा गुर्जर से ढेला नगला के रास्ते पर नहर के पुल पर तेंदुआ दिखाई देने की बात कही। क्षेत्र में लगातार तेंदुए के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग से पिंजरा लगवाकर तेंदुए को पकड़ने की ग्रामीणों ने मांग की है। उधर, रजबपुर क्षेत्र के गांवों में तेंदुआ आए दिन पालतु पशुओं और जंगली जानवरों को अपना शिकार बना रहा है l वन विभाग की टीम ने बीते दस दिन से तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल में पिंजरा लगाया हुआ है। क्षेत्र के गांव पीठखेड़ा में फिर से तेंदुआ देखे जाने के बाद से ग्रामीणों में दहशत के बीच दस दिन बाद भी तेंदुआ पकड़ में न आने से वन विभाग की कार्यशैली को लेकर लोगों में रोष है l गांव निवासी ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे तेंदुए की आहट सुनकर उनकी आंखें खुल गईं। बाहर जाकर देखा तो पशुशाला के पास बैठे तेंदुए ने किसी जंगली जानवर को अपने पंजों में दबोच रखा था, और उसे अपना निवाला बना रहा था l टॉर्च की लाइट पड़ते ही तेंदुआ दीवार फांदकर जंगल की तरफ चला गया। ग्रामीण के शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई l इसके बाद ग्रामीणों ने लाठी डंडे लेकर काफी देर तक जंगल में तेंदुएं की तलाश की। लेकिन तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया। जंगल में कुछ ही दूरी पर पगचिंह और किसी जंगली जानवर के अवशेष पड़े हुए थे। ग्रामीणों ने इसे खड्डा खोदकर दबा दिया l नौगावां सादात में कैमरे में कैद हुआ घर के बाहर घूमता तेंदुआ नौगांवा सादात। थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी बब्लू मछली पालक हैं। गुरुवार रात करीब दस बजे ग्रामीण घर की छत पर पहुंचा तो तेंदुए को देखकर होश उड़ गए। ग्रामीण के बच्चों ने टॉर्च की रोशनी में अपने मोबाइल फोन से तेंदुए की वीडियो भी बना ली। जानकारी मिलते ही ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का शोर सुनकर तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के जंगल में आए दिन तेंदुआ देखा जा रहा है। वन विभाग के अधिकारियों से बात करने के बाद भी तेंदुआ नहीं पकड़ा गया है। सहमें ग्रामीण खेतों की तरफ जाने में घबरा रहे हैं। डीएफओ एसपी सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाया जाएगा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।