20 सेमी बढ़ा जलस्तर, उफान पर गंगा
Amroha News - गजरौला में बिजनौर बैराज से 154479 क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद गंगा का जलस्तर 20 सेमी बढ़ गया है। खादर क्षेत्र में बाढ़ के हालात बन गए हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। लगातार बारिश के कारण नदियों का...

गजरौला। बिजनौर बैराज से 154479 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गंगा का जलस्तर 20 सेमी बढ़ गया है। उफान पर होने के साथ ही गंगा की धार तेज हो गई है। वहीं खादर क्षेत्र में एक बार फिर से बाढ़ के हालात बन गए हैं। ग्रामीणों के बीच दहशत बनी है। पहाड़ों के साथ ही मैदानी इलाके में लगातार बारिश जारी है। सीधा असर नदियों के जलस्तर पर देखने को मिल रहा है। बात अगर गंगा की करें तो शनिवार को एक ही दिन में 20 सेमी तक जलस्तर बढ़ा। बिजनौर बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद शनिवार को गंगा का जलस्तर 200.30 सेमी दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को जलस्तर 200.10 सेमी दर्ज किया था। खादर क्षेत्र के शीशोवाली, जाटो वाली, दारानगर समेत एक दर्जन से ज्यादा गांवों के खेतों में बाढ़ के हालात बने हैं। गांवों में भी कीचड़ पसरी है। ग्रामीणों का आवागमन तक दूभर बना है। किसान गन्ने व धान की फसल में भारी नुकसान का अंदेशा जता रहे हैं।
वहीं गंगा घाटों के किनारे रखी झोपड़ियों में पानी भरने के बाद पुरोहितों ने अपनी झोपड़ियों को पीछे हटा लिया है। इसके अलावा रामगंगा पोषक नहर में भी पानी फिलहाल बढ़कर चल रहा है। नहर में पानी ज्यादा होने के साथ ही बहाव भी तेज है। गांव ओसीता जगदेपुर के खेतों में भी कई फिट पानी भरा है। पशु चारे तक का संकट बना है। जेई बाढ़ खंड सुभाष कुमार के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से जलस्तर बढ़ रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।