खरबूजा लदी मैक्स की टक्कर से बाइक सवार की मौत
Amroha News - हसनपुर में एक तेज रफ्तार खरबूजे लदी अनियंत्रित मैक्स ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें 28 वर्षीय युवक श्रीपाल की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। श्रीपाल की पत्नी पांच साल पहले सुसाइड...

हसनपुर। अलीगढ़ मार्ग पर बुधवार तड़के रहरा की दिशा से आ रही तेज रफ्तार खरबूजे लदी अनियंत्रित मैक्स ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मैक्स छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला खादर निवासी शिवराज सिंह का 28 वर्षीय बेटा श्रीपाल गजरौला के एक होटल में वेटर का काम करता था। बुधवार तड़के वह होटल पर काम कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इस दौरान जैसे ही उसकी बाइक अलीगढ़ मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के गांव हथियाखेड़ा के पास पहुंची कि रहरा की दिशा से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित खरबूजे से लदी मैक्स ने गलत दिशा में जाकर टक्कर मार दी।
श्रीपाल की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मैक्स छोड़कर फरार हो गया। मौके पर तमाम ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी पर रोते-बिलखते परिजन भी मोर्चरी पहुंच गए। पांच वर्ष पूर्व पत्नी ने किया था सुसाइड हसनपुर। परिजनों ने बताया कि श्रीपाल दो भाई व दो बहनों में बड़ा था। वह गजरौला के एक होटल पर वेटर का काम करता था। करीब पांच साल पूर्व उसकी पत्नी ने सुसाइड कर लिया था। श्रीपाल पर सात वर्ष की बेटी है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है। प्रभारी निरीक्षक वरुण कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर मैक्स के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मैक्स को कब्जे में ले लिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।