पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट मामले में संचालक गिरफ्तार, भेजा जेल
Amroha News - रजबपुर (अमरोहा), संवाददाता। क्षेत्र की पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट मामले में फैक्ट्री संचालक सैफ उर रहमान को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुल

क्षेत्र की पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट मामले में फैक्ट्री संचालक सैफ उर रहमान को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने संचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा भी बढ़ाई है। पुलिस ने संचालक को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं अस्पताल में भर्ती घायल तीन महिलाओं की हालत में अब कुछ सुधार आया है। क्षेत्र के अतरासी गांव के बाहर संचालित पटाखा फैक्टरी में बीती 16 जून की दोपहर विस्फोट हो गया था। इसमें रजबपुर निवासी रुकसाना व शहनाज और पपसरा गांव निवासी रूमा व सर्वेश की मौत हो गई थी। हादसे में अमरोहा शहर के मोतीनगर निवासी मोना, विशाल, पूजा, पूजा पत्नी अमित कुमार व इंद्रावती, अतरासी कलां निवासी सलोनी, पपसरा निवासी सोनिया, पूजा पत्नी राजेश व मंगूपुरा निवासी नाजरीन घायल हो गई थीं।
ज्यादातार महिलाओं के चेहरे झुलस गए थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से गंभीर हालत में नाजरीन व सोनिया को मेरठ रेफर कर दिया था। इसके बाद मोना व इंद्रावती की भी तबीयत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने मोना को मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। वहीं परिजनों ने इंद्रवती को जोया रोड के एक निजी अस्पताल भर्ती कराया था। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि हापुड़ के भंडा पट्टी निवासी पटाखा फैक्ट्री संचालक सैफ उर रहमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। संचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई गई है। बताया कि फैक्ट्री में कभी भी विस्फोट हो सकता है, इस बावत संचालक को जानकारी थी। इसके बावजूद लापरवाही बरती गई। विस्फोटक सामग्री को एक जगह इकट्ठा करके रखा गया था। साथ ही अप्रशिक्षित मजदूरों से काम कराया जा रहा था। विस्फोट पटाखे में सामग्री ठोकते समय हुआ था। अब तक की गई पुलिस जांच में सैफ उर रहमान ही हादसे के लिए जिम्मेदार है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।