हरियाली का वचन निभाएं, एक पेंड़ मां के नाम लगाएं
Agra News - पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए सभी विभागों की बैठक में कार्ययोजना बनाई गई। शहरवासियों से अपील की गई कि वे हरियाली का वचन निभाते हुए एक पेड़ मां के नाम लगाएं। इस अभियान का उद्देश्य मातृभूमि और...

पौधारोपण ज्यादा से ज्यादा हो। इसके लिए सभी विभागों की बैठक में कार्ययोजना तैयार की जा रही है। शनिवार को इस अभियान के संबंध में हुई बैठक में शहरवासियों से अपील की गई कि वह हरियाली का वचन निभाते हुए एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाएं। प्रभागीय वन अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि पौधारोपण एक भावनात्मक और नैतिक कर्तव्य है। यह अभियान हमारी मातृभूमि और मातृशक्ति को समर्पित है। सभी लोग मिलकर इसे एक जनांदोलन बनाएं। सिटी रेंज ऑफिसर पुनीत यादव ने कहा कि पौधारोपण स्थलों पर निगरानी दल गठित किए जाएंगे, ताकि पौधों की देखभाल और सुरक्षा हो सके।
शोध सहायक सुरभि जैन ने बताया कि विभिन्न प्रजातियों की पौधों की जीवित रहने की दर पर रिसर्च कर डेटा तैयार किया जा रहा है, जिससे हमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण मिलेगा। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे शुभम सक्सेना ने कहा कि नदी तटों पर पौधारोपण से पारिस्थितिकी संतुलन के साथ गंगा की निर्मलता में भी योगदान होगा। बैठक में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि उनकी संस्था पौधारोपण में सक्रिय रूप से भाग ले रही है। औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से हजारों पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। रिटायर्ड नेवी अधिकारी ओपी सिंह धाकरे ने शौर्य वन की स्थापना की घोषणा की, जो सैन्य बलिदान की स्मृति में समर्पित होगा। इंडिया राइजिंग की टीम ने सामूहिक संकल्प दोहराया कि हर दिन एक पौधा रोपेंगे और हर जन्मदिन पर पौधारोपण अनिवार्य रूप से करेंगे। संस्कृति यूथ फाउंडेशन की ज्योतिका बघेल ने बताया कि उनकी संस्था यमुना नदी तट पर प्रत्येक रविवार को सफाई अभियान चलाकर पौधारोपण का जनअभियान संचालित कर रही है। डॉ. राहुल तिवारी ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के अपने कार्यों और जागरूकता अभियानों का संक्षिप्त विवरण साझा किया। बैठक में वरिष्ठ पर्यावरणविद केसी जैन ने अपनी पर्यावरण संबंधी पुस्तक भेंट की। डॉ. श्रीकांत कुलश्रेष्ठ ने पर्यावरण पत्रिका वन विभाग को भेंट की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।