अकेली महिला को देखकर लूटा था पर्स
Agra News - सिकंदरा पुलिस ने चर्चित चौराहा के पास हुई लूट का खुलासा किया। दुष्यंत नामक युवक ने एक महिला का पर्स लूट लिया था, जिसमें मोबाइल और 200 रुपये थे। पुलिस ने 24 घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने...

सिकंदरा में चर्चित चौराहा के पास हुई लूट की घटना का सिकंदरा पुलिस ने खुलासा किया है। वारदात को केंद्रीय बकरी अनुसंधान केंद्र परिसर, फरह (मथुरा) में रहने वाले दुष्यंत ने अंजाम दिया था। उसके पिता सीआईआरएस में कर्मचारी हैं। आरोपित के पास से लूट का मोबाइल और कैश बरामद हुआ है। इंस्पेक्टर सिकंदरा नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि 25 जून की रात शास्त्रीपुरम निवासी शमिष्ठा राय के साथ लूट की घटना हुई थी। बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर उनका पर्स लूटा था। पर्स में मोबाइल और 200 रुपये रखे थे। पुलिस ने 24 घंटे में सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से लूट की घटना का खुलासा किया।
आरोपित दुष्यंत को पकड़ा गया। लूट में प्रयुक्त बाइक भी मिली। आरोपित स्नातक पास है। उसने पूछताछ में बताया कि वह बाइक से आगरा आया था। जेब खाली थी। सड़क पर अकेली महिला को देखा तो उसका पर्स लूट लिया। उसे लगा कि पकड़ा नहीं जाएगा। पकड़े जाने पर आरोपित को पछतावा हो रहा था। वह रोने लगा। हाथ जोड़ने लगा। पुलिस ने कहा कि आपराध किया है तो कार्रवाई होगी। जेल जाना पड़ेगा। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।