जानलेवा टंकी बनाने वाले तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज
Agra News - सोरों के बदरिया में आसरा आवासीय परिसर में 25 जून को गिरने वाले टंकी के निर्माण में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ है। टंकी में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया था, जिससे तीन लोग घायल हुए। डूडा के परियोजना...

सोरों के बदरिया में आसरा आवासीय परिसर में 25 जून की रात को भरभराकर गिरी टंकी के निर्माण में जमकर भ्रष्टचार हुआ। निर्माण की धनराशि में घोटाला हुआ। टंकी में घटिया सामग्री लगाई गई। डूडा के परियोजना निदेशक ने निर्माणकर्ता ठेकेदार, सीएण्ड डीएस जल निगम परियोजना प्रबंधक व स्थानिय अभियंता के खिलाफ संबंधित धाराओं में सोरों कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में यह लोग दोषी पाए गए हैं। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डुडा) के परियोजना निदेशक सुभाषवीर राजपूत ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि, आसरा आवास योजना के तहत नगर पालिका परिषद सोरों में 252 आवास की 14.11 करोड़ की परियोजना वित्तीय वर्ष 2014-15 में स्वीकृत हुई थी।
निर्माण के लिए शासन से सीएण्ड डीएस जल निगम, यूनिट अलीगढ़ को कार्यदायी संस्था नामित किया गया था। संस्था ने सोरों के बदरिया मौहल्ला में 156 आवासों का निर्माण वर्ष 2021 तक पूरा किया था। जिसमें नाली, सड़क, पेयजल, बाहय विद्युतीकरण, आन्तरिक, विद्युतीकरण आदि अवस्थापना सुविधाएं सम्मिलित थीं। जलाशय का निर्माण कराने वाले कार्यदायी संस्था के ठेकेदार मनोज कुमार यादव, एमके कंस्ट्रक्शन, हसनपुर सहावर, निर्माण कार्यों के सम्पादनकर्ता परियोजना प्रबन्धक गिरीश कुमार शर्मा, स्थानिय अभियंता विशेष कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, इन तीनों ने आम जनता को जान से मारने की नीयत से जान बूझकर उपरोक्त ओवर हैड टैंक में घटिया सामग्री का प्रयोग किया। इनके इस काम से लोग घायल हुए। नियमानुसार टैंक से पानी की सप्लाई की मानक अनुसार जांच (टेस्टिंग) नहीं करायी गयी। साथ ही संस्था ने आवासों परिसर के निर्माण में देरी भी की। ऊपर से घटिया सामग्री का प्रयोग भी किया। 15 सितंबर 2018 से 16 मार्च 2019 के बीच रुपये 20 लाख की लागत से कराया गया था। जो कि पूरी तरह ध्वस्त होकर गिर गया। आम चहल-पहल के समय अगर ये घटना होती तो काफी लोगों की जान को भी खतरा हो सकता था। जबकि ओवर हेड टैंक के गिरने से तीन लोग घायल हुए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।