Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़After DJ dispute over bulldozer uproar over stopping a new tradition in Shobha Yatra altercation between BJP and police

डीजे के बाद बुलडोजर पर रार; शोभायात्रा में नई परंपरा रोकने पर हंगामा, भाजपा नेताओं की पुलिस से नोकझोंक

कानपुर में शोभायात्रा में शामिल डीजे रोकने पर हुए हंगामा के बाद अब बरेली में पुलिस ने बुलडोजर रोका तो विवाद खड़ा हो गया। भाजपा नेता पुलिस से भिड़ गए। अंततः बुलडोजर के साथ ही शोभायात्रा निकाली गई।

Yogesh Yadav बरेली भाषाTue, 8 April 2025 03:36 PM
share Share
Follow Us on
डीजे के बाद बुलडोजर पर रार; शोभायात्रा में नई परंपरा रोकने पर हंगामा, भाजपा नेताओं की पुलिस से नोकझोंक

कानपुर में अनुमति से ऊंचा डीजे लेकर शोभायात्रा निकालने पर हुई रार के बाद अब बरेली में बुलडोजर को लेकर पुलिस प्रशासन से भाजपा नेताओं का विवाद हुआ है। बरेली के फरीदपुर में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब पुलिस ने रामनवमी शोभायात्रा में बुलडोजर को शामिल करने पर आपत्ति जताई और इसको लेकर भाजपा के स्थानीय नेता और प्रशासन के बीच तीखी बहस हो गई। अंतत: पुलिस प्रशासन को झुकना पड़ा और बुलडोजर के साथ ही शोभायात्रा निकाली गई।

आदर्श रामलीला समिति द्वारा आयोजित शोभायात्रा में बुलडोजर भी शामिल किया गया। इसे पुलिस ने रोक दिया और कहा कि यह 'अनधिकृत' और 'नयी परंपरा' है। शोभायात्रा में हिस्सा ले रहे लोगों ने इसको लेकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने सड़क को जाम कर दिया और पुलिस तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वे धरने पर बैठ गए। भाजपा की आंवला इकाई के अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से भिड़ गए। सिंह ने तर्क दिया कि पिछले पांच वर्षों से रामनवमी शोभायात्रा में बुलडोजर को शामिल किया जाता रहा है और पुलिस पर परंपराओं में व्यवधान डालने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने कहा कि हम शांति भंग करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:रामनवमी का डीजे उतरवाने पर हंगामा, थाने पहुंचे हिंदूवादी संगठन; जमकर नारेबाजी

उन्होंने अपने दावे के समर्थन में पूर्व में आयोजित शोभायात्रा की तस्वीरें और वीडियो पेश किए जिसमें बुलडोजर शामिल था। जिला मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विमर्श के बाद प्रशासन ने शोभायात्रा में बुलडोजर को शामिल करने की अनुमति दी। बाद में, आदेश प्रताप सिंह ने बुलडोजर पर सवार होकर सीएएस इंटर कॉलेज मैदान से शोभायात्रा को फिर से शुरू किया, जहां से उन्होंने पहले इसे हरी झंडी दिखाई थी।

ये भी पढ़ें:यूपी में नई बाइक या कार खरीदने वालों को झटका, टैक्स बढ़ा, योगी कैबिनेट का फैसला
ये भी पढ़ें:संभल हिंसा में सांसद बर्क तलब, थाने में तीन घंटे तक SIT ने दागे दर्जनों सवाल

फरीदपुर की एसडीएम मल्लिका नैन ने कहा कि आयोजकों को शोभायात्रा के पारंपरिक प्रारूप का पालन करने की सलाह दी गई, जिस पर वे अंततः सहमत हो गए। उन्होंने कहा कि चर्चा के बाद शोभायात्रा शांतिपूर्ण तरीके से जारी रही। फरीदपुर थाने के प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि आखिरकार शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में रातभर कड़ी निगरानी रखी। मंगलवार सुबह स्थिति सामान्य रही।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
अगला लेखऐप पर पढ़ें