लुधियाना उपचुनाव में AAP-BJP ने कर ली गुपचुप डील; वारिंग बोले- कांग्रेस में नहीं है गुटबाजी
आपको बता दें कि इस उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार भरत भूषण आशु आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा से 10,000 से अधिक वोटों से हार गए, जबकि भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने लुधियाना (पश्चिम) विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को मिली हार का कारण आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा (BJP) की मिलीभगत बताया है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस में किसी भी स्तर की गुटबाजी को सिरे से खारिज कर दिया है। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा, “कांग्रेस गुटबाजी के कारण नहीं हारी। कांग्रेस इसलिए हारी क्योंकि राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और भाजपा ने मिलकर हमारे खिलाफ रणनीति बनाई। दोनों के बीच एक गुप्त समझौता था।”
आपको बता दें कि इस उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार भरत भूषण आशु आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा से 10,000 से अधिक वोटों से हार गए, जबकि भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।
वारिंग ने कांग्रेस के खिलाफ मीडिया ट्रायल का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मीडिया कांग्रेस से ही सवाल क्यों कर रहा है? क्या किसी ने यह पूछा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल चुनाव प्रचार के आखिरी दिन क्यों नहीं पहुंचे?”
BJP का वोट शेयर आधा हुआ, AAP को फायदा: वारिंग
राजा वारिंग ने दावा किया कि भाजपा ने जानबूझकर आम आदमी पार्टी को फायदा पहुंचाने के लिए अपना वोट बेस शिफ्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को लुधियाना पश्चिम सीट पर 41% वोट मिले थे, जो अब घटकर 22% रह गए हैं। वहीं, आप का वोट शेयर 20% से बढ़कर 39% हो गया है। उन्होंने कहा, “इस मुकाबले में कांग्रेस ने अपना वोट शेयर करीब 27% पर बनाए रखा। हम हार जरूर गए हैं, लेकिन हमारा समर्थन आधार स्थिर है।” वारिंग लुधियाना से लोकसभा सांसद भी हैं।
वारिंग ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता ने पूरे चुनाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी चुनाव क्षेत्र में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बतौर प्रदेश अध्यक्ष उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा तय कार्यक्रमों जैसे “संविधान बचाओ” अभियान और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने जैसे कार्यों में भी भाग लेना होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।