भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक ठोका। उन्होंने लीड्स में पहली पारी में 134 जबकि दूसरी पारी में 118 रन बनाए। वह इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच में दो सेंचुरी जड़ने वाले पहले भारतीय हैं। वहीं, पंत टेस्ट की दोनों पारियों में शतक ठोकने वाले सातवें भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं।
एक टेस्ट की दोनों पारियों में सेंचुरी मारने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर विजय हजारे थे। उन्होंने 1948 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में 116 और 145 रनों की पारी खेली थी। हालांकि, भारत को उस मैच में हार मिली थी।
सुनील गावस्कर लाजवाब हैं। उन्होंने एक नहीं बल्कि तीन बार टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जमाए। उन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज, 1978 में पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ यह कारनामा अंजाम दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच ड्रॉ पर छूटा जबकि पाकिस्तान के विरुद्ध भारत को हार मिली।
राहुल द्रविड़ ने अपने करियर में दो बार एक टेस्ट की दोनों पारियों में सेंचुरी लगाई। उन्होंने 1999 में न्यूजीलैंड और 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा किया था। भारत ने पाकिस्तान को हराया था और न्यूजीलैंड से मैच ड्रॉ रहा।
विराट कोहली ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए टेस्ट की दोनों पारियों में शतक मारा था। उन्होंने पहली पारी में 115 और दूसरी पारी में 141 रन बनाए थे। हालांकि, भारत को एडिलेड में हार का सामाना करना पड़ा था।
अजिंक्य रहाणे ने 2015 में दिल्ली में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच दो शतक बनाए। उन्होंने पहली पारी में 127 जबकि दूसरी पारी में नाबाद 100 रन बटोरे। भारत ने मैच में साउथ अफ्रीका को शिकस्त दी थी।
लिस्ट में 'हिटमैन' रोहित शर्मा भी शामिल हैं। उन्होंने साल 2019 में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध टेस्ट में दो सेंचुरी जड़ी थीं। उन्होंने विशाखापट्टनम में आयोजित मुकाबले में 176 और 127 रनों का पारियां खेली थीं। भारत ने मैच अपने नाम किया था।