भारत के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लीड्स टेस्ट के दूसरे दिन गदर काटा। इंग्लैंड को अब तक पहली पारी में तीनों झटके बुमराह ने दिए हैं। उन्होंने जैक क्रॉली (4) को पहले ओवर में करुण नायर के हाथों कैच कराया। बुमराह ने बेन डकेट (62) को 29वें ओवर में बोल्ड किया और जो रूट (28) का 47वें ओवर में शिकार किया। उन्होंने 49वें ओवर में हैरी ब्रूक(0*) को भी अपने जाल में फंसा लिया था लेकिन अंपायर ने नो-बॉल करार दी।
दूसरे दिन एक तरफ बुमराह का जलवा देखने को मिला तो दूसरी तरफ इंग्लैंड के बल्लेबाज ओली पोप ने भारत की टेंशन बढ़ा रखी है। वह शतक ठोक चुके हैं। वह 131 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 100 रन बनाकर नाबाद हैं। यह उनके टेस्ट करियर की नौवीं सेंचुरी है। पोप ने डकेट के साथ दूसरे विकेट के लिए 122 और रूट के संग तीसरे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की। अगर भारत ने रविवार को पोप को जल्दी पवेलियन की राह नहीं दिखाई तो इंग्लैंड टीम हावी हो सकती है।
भारत के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत ने रिकॉर्डतोड़ शतक लगाया। उन्होंने 178 गेंदों में 134 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 6 सिक्स शामिल हैं। यह पंत का सातवां टेस्ट शथक था। वह एमएस धोनी को पछाड़कर भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विकेटकीपर बन गए हैं। धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 6 शतक लगाए। पंत ने 44वें टेस्ट में धोनी को पछाड़ डाला।
इंग्लैंड के पेसर जोश टंग ने भारत को शनिवार को दंग कर दिया। उन्होंने चार शिकार किए। टंग ने भारत के निचल क्रम को सस्ते में समेटा, जिससे मेहमान टीम 500 का आंकड़ा छूने में नाकाम रही। उन्होंने पंत के अलावा रविंद्र जडेजा (11), जसप्रीत बुमराह (0) और प्रसिद्ध कृष्णा (1) का शिकार किया।
इंग्लैंड के कप्तान और स्टार ऑलराउंड बेन स्टोक्स ने भी चार विकेट हासिल किए। स्टोक्स ने दूसरे दिन दो अहम विकेट चटकाए, जिससे भारतीय टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई। स्टोक्स ने आठ साल बाद टेस्ट मैच खेल रहे करुण नायर को शून्य पर लौटाया। उन्होंने ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर (1) को भी नहीं टिकने नहीं दिया। स्टोक्स ने मैच के पहले दिन ओपनर यशस्वी जायसवाल (101) और डेब्यूटेंट साई सुदर्शन (0) को आउट किया था।