भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में साई सुदर्शन को मौका दिया। वह भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले 317वें खिलाड़ी बने। साई सुदर्शन ने घरेलू क्रिकेट और फिर आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन किया था, जिसकी बदौलत उन्हें टेस्ट टीम में जगह मिली। हालांकि टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में वह कमाल नहीं दिखा सके। साई चार गेंद खेलकर बिना खाता खोले आउट हुए। बेन स्टोक्स ने उन्हें कैच आउट करवाया।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने टीम को दमदार शुरुआत दिलाई। बिना जोखिम उठाए दोनों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को काफी परेशान किया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी हुई। केएल राहुल के रूप में भारत को पहला झटका लगा। राहुल 78 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए।
सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने एक बार फिर यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर भारत को इंग्लैंड दौरे पर शानदार शुरुआत दिलाई। राहुल अच्छी लय में नजर आ रहे थे लेकिन खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौटे। केएल राहुल ने 78 गेंद में 53.85 के औसत से 42 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके लगाए।
युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड में पहला शतक जड़ दिया है। जायसवाल ने अपना पांचवां शतक पूरा करने के लिए 144 गेंद में 16 चौके और एक छक्का जड़ा। जायसवाल ने ब्रायडन कार्स की गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया और हवा में उछलकर इसका जश्न मनाया। इससे पहले उन्होंने इस गेंदबाज पर प्वाइंट और कवर पर लगातार चौके लगाए।
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में शानदार शतक ठोका है। गिल 127 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं। उन्होंने यशस्वी और पंत के साथ शतकीय साझेदारी की। गिल अपनी पारी में 16 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं। गिल का टेस्ट करियर में ये छठा शतक है।